आ गई गुड न्यूज... डोनाल्ड ट्रंप ने कर दिया बड़ा ऐलान, बोले- भारत पर लगे टैरिफ में होगी इतनी बड़ी कटौती!

punjabkesari.in Tuesday, Nov 11, 2025 - 01:30 PM (IST)

नेशनल डेस्क : भारत के लिए अमेरिका से  एक राहतभरी खबर सामने आई है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर लगाए गए उच्च टैरिफ में कटौती करने का बड़ा ऐलान किया है। ट्रंप ने कहा है कि अब भारत पर लागू टैरिफ को आधा यानी 50% कम किया जाएगा। ट्रंप के मुताबिक, यह फैसला भारत की रूसी तेल की खरीद में आई कमी को देखते हुए लिया गया है। उन्होंने कहा कि, 'भारत ने अब रूस से तेल खरीदने में कमी की है, इसलिए हम भी उनके ऊपर लगाए गए टैरिफ को कम कर रहे हैं।'

क्यों बढ़ाया गया था टैरिफ?

कुछ महीने पहले, ट्रंप प्रशासन ने भारत पर लगने वाले रेसिप्रोकल टैरिफ (Reciprocal Tariff) को 25% से बढ़ाकर 50% कर दिया था। उस समय ट्रंप ने आरोप लगाया था कि भारत रूस से तेल और हथियार खरीदकर यूक्रेन युद्ध में आर्थिक रूप से मदद कर रहा है। इसी वजह से अमेरिकी सरकार ने भारत पर व्यापारिक दबाव बढ़ाते हुए यह टैरिफ डबल कर दिया था।

अब क्यों कम हो रहा है टैरिफ?

ट्रंप ने अपने हालिया बयान में कहा कि भारत अब रूसी तेल की खरीद में कमी कर रहा है। इसी के चलते अमेरिका ने टैरिफ को कम करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, 'भारत ने जिम्मेदार रवैया दिखाया है। हम भारत के साथ मजबूत व्यापारिक रिश्ते चाहते हैं, और टैरिफ में कमी उसी दिशा में एक कदम है।'

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर नई उम्मीद

भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील (India-US Trade Deal) को लेकर भी अब सकारात्मक संकेत मिलने लगे हैं। इस साल फरवरी 2025 में दोनों देशों के बीच व्यापारिक वार्ता शुरू हुई थी। नेताओं ने अपने अधिकारियों को द्विपक्षीय व्यापार समझौते (Bilateral Trade Agreement) पर बातचीत आगे बढ़ाने का निर्देश दिया था। हालांकि, जब अमेरिका ने भारत पर टैरिफ को दोगुना किया था, तो यह बातचीत रुक गई थी। उस समय तक पांच राउंड की वार्ता पूरी हो चुकी थी। अब ट्रंप के इस नए बयान से संकेत मिल रहे हैं कि रुकी हुई वार्ता फिर से शुरू हो सकती है। ट्रंप ने कहा कि वे भारत के साथ व्यापारिक संबंधों को और बेहतर बनाना चाहते हैं और जल्द ही ट्रेड डील पर समझौता होने की उम्मीद है।

पीएम मोदी की सराहना भी की

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने बयानों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी तारीफ की है। उन्होंने कहा कि भारत ने ऊर्जा और व्यापार के क्षेत्र में 'संतुलित और समझदार नीति”' अपनाई है। हालांकि, भारत सरकार ने अब तक ट्रंप के इन दावों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

क्या होगा असर?

अगर अमेरिका वास्तव में भारत पर टैरिफ को 50% तक कम करता है, तो इसका सीधा फायदा भारतीय निर्यातकों और उद्योगों को मिलेगा। खासकर टेक्सटाइल, इंजीनियरिंग, फार्मा और स्टील सेक्टर को इससे बड़ी राहत मिलेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को नई रफ्तार दे सकता है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News