ईरान के ऊर्जा संयत्र हमलों पर 10 दिन की रोक, ट्रंप बोले- अच्छी चल रही बातचीत
punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 03:06 AM (IST)
इंटरनेशनल डेस्कः ईरान से जारी जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने कहा कि तेहरान के अनुरोध पर वह ईरान के ऊर्जा संयंत्रों पर हमलों को 10 दिनों के लिए रोक रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह अवधि अब 6 अप्रैल 2026 को शाम 8 बजे तक बढ़ा दी गई है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि इस दौरान बातचीत जारी है और मीडिया में फैल रही गलत जानकारियों के बावजूद वार्ता “बहुत अच्छे तरीके” से आगे बढ़ रही है। यह विराम युद्ध के बढ़ने के बाद पहली बार है जब संयुक्त राज्य अमेरिका ने ईरान के ऊर्जा क्षेत्र को निशाना बनाने वाले हमलों में औपचारिक ढील दी है। माना जा रहा है कि इससे कूटनीतिक समाधान के लिए कुछ जगह बन सकती है।
US President Donald Trump announces, "As per Iranian Government request, please let this statement serve to represent that I am pausing the period of Energy Plant destruction by 10 Days to Monday, April 6, 2026, at 8 PM, Eastern Time." pic.twitter.com/xPgqYYSwht
— ANI (@ANI) March 26, 2026
यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब पिछले कई हफ्तों से अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के बुनियादी ढांचे, खासकर तेल और ऊर्जा सुविधाओं पर लगातार हमले किए जा रहे थे। इन हमलों का उद्देश्य तेहरान की सैन्य और आर्थिक क्षमता को कमजोर करना बताया जा रहा है।
पूरे क्षेत्र में बढ़ा संघर्ष, मिसाइल और ड्रोन हमले तेज
ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए पूरे क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमले किए। इन हमलों में अमेरिकी ठिकानों और सहयोगी देशों के इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया गया, जिससे संघर्ष एक बड़े क्षेत्रीय युद्ध का रूप लेता दिख रहा है।
हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह 10 दिन का विराम स्थायी युद्धविराम की दिशा में कदम है या सिर्फ अस्थायी रोक। ट्रंप के बयान में इस विराम को आगे बढ़ाने की शर्तों का जिक्र नहीं किया गया है, लेकिन ईरानी अनुरोध का उल्लेख इस बात का संकेत देता है कि दोनों देशों के बीच प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से बातचीत जारी है।
