सोशल मीडिया पर बच्चों का यौन शोषण, न्यू मैक्सिको में मेटा के खिलाफ सुनवाई शुरू

punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 06:54 PM (IST)

International Desk: मेटा के खिलाफ, सोशल मीडिया पर बच्चों के यौन शोषण के खतरों और अपने प्लेटफॉर्म की सुरक्षा को लेकर कथित तौर पर भ्रामक जानकारी देने के आरोपों से जुड़े मुकदमे की सुनवाई न्यू मैक्सिको में सोमवार से शुरू हो रही है। मामले में शुरुआती दलीलें पेश की जाएंगी। यह बच्चों को होने वाले नुकसान को लेकर मेटा समेत प्रमुख सोशल मीडिया कंपनियों के खिलाफ अभियोजकों द्वारा दायर मुकदमों की शृंखला में पहली स्वतंत्र सुनवाई है। सुनवाई के दौरान ऑनलाइन मौजूद आपत्तिजनक सामग्री और उसके प्रभावों पर विशेष ध्यान दिए जाने की संभावना है।

 

न्यू मैक्सिको के अटॉर्नी जनरल राउल टोरेज़ ने वर्ष 2023 में मेटा के खिलाफ मुकदमा दायर किया था। अभियोजन पक्ष का कहना है कि जांच के दौरान अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर बच्चों के रूप में फर्जी खाते बनाकर यह दर्ज किया कि किस तरह यौन प्रस्ताव भेजे गए और उन पर मेटा ने कैसी प्रतिक्रिया दी। मेटा फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप का स्वामी है। अभियोजकों का आरोप है कि मेटा के एल्गोरिद्म और अकाउंट फीचर युवाओं को सोशल मीडिया की ओर आकर्षित करते हैं और बच्चों का यौन शोषण करने वाले अपराधियों के लिए अनुकूल माहौल बनाते हैं। उनका कहना है कि मेटा ने, उसे इन खतरनाक प्रभावों के बारे में जो जानकारी थी, उसे सार्वजनिक नहीं किया, जो देश के उपभोक्ता संरक्षण कानूनों का उल्लंघन है। मेटा पर सार्वजनिक अशांति पैदा करने का भी आरोप लगाया गया है।

 

मुकदमे में कहा गया है कि मेटा जानबूझकर बच्चों को यौन शोषण और मानसिक स्वास्थ्य को होने वाले नुकसान के दोहरे खतरों के सामने उजागर करता है और इसका उद्देश्य मुनाफा कमाना है। मेटा ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि अभियोजन पक्ष चुनिंदा सबूतों के जरिए सनसनीखेज दलीलें पेश कर रहा है। मेटा ने जांच प्रक्रिया को "नैतिक रूप से संदिग्ध" करार देते हुए आरोप लगाया कि फर्जी खातों में बच्चों की तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया और जांच से जुड़ा डेटा नष्ट किया गया। कंपनी का कहना है कि किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य संकट का पूरा दोष सोशल मीडिया पर डालना वास्तविकता को जरूरत से ज्यादा सरल बनाना है। मेटा ने यह भी कहा कि वह लंबे समय से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और उसने कई सुरक्षा फीचर और विषयवस्तु नियंत्रण उपकरण विकसित किए हैं। यह स्पष्ट नहीं है कि मेटा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मार्क जुकरबर्ग इस मुकदमे में गवाही देंगे या नहीं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News