कुछ तो गड़बड़ हैः खामेनेई के जनाजे में पहुंचे तीन बेटे, पिता की अंतिम विदाई पर नए सुप्रीमो मोजतबा रहे गायब

punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 06:27 PM (IST)

International Desk:  ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में रविवार को उनके तीन बेटे मसूद, मेयसम और मुस्तफा पिता के ताबूत के पास मौजूद रहे और अंतिम नमाज में शामिल हुए। राज्य टीवी पर तीनों को तेहरान के इमाम खुमैनी ग्रैंड मुसल्ला में अंतिम प्रार्थना करते हुए दिखाया गया।हालांकि, सबसे अधिक चर्चा मुजतबा खामेनेई की गैरमौजूदगी को लेकर हुई। पिता की मृत्यु के बाद उन्हें ईरान का नया सर्वोच्च नेता माना जा रहा है, लेकिन अंतिम संस्कार के किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में वह दिखाई नहीं दिए। ईरानी अधिकारियों ने उनकी अनुपस्थिति पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

 

कई मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि हालिया युद्ध के दौरान घायल होने और इजराइल की ओर से संभावित खतरे के कारण मुजतबा को सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर रहने की सलाह दी गई है। कुछ रिपोर्टों में यह भी कहा गया कि सुरक्षा एजेंसियों ने उन्हें अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति नहीं दी। हालांकि, इन दावों की ईरानी सरकार ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। विश्लेषकों का मानना है कि ईरान जैसे देश में सर्वोच्च नेता का अपने पिता के अंतिम संस्कार में सार्वजनिक रूप से शामिल न होना एक असाधारण घटना है। इससे उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सत्ता हस्तांतरण को लेकर कई तरह की अटकलें लग रही हैं।

 

 अब तक किसी भी आधिकारिक स्रोत ने इन अटकलों की पुष्टि नहीं की है। अंतिम संस्कार में राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन, संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ, रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) के वरिष्ठ अधिकारी, कुद्स फोर्स के प्रमुख इस्माइल कानी और कई अन्य शीर्ष नेता मौजूद रहे। देश-विदेश से आए प्रतिनिधिमंडलों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से कब सामने आएंगे, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। फिलहाल ईरान में कई दिनों तक चलने वाले अंतिम संस्कार कार्यक्रम जारी हैं और पूरी दुनिया की नजर इस बात पर है कि नया नेतृत्व कब सार्वजनिक रूप से सामने आता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News