युद्धविराम के बीच इज़राइल का बड़ा हमला, लेबनान में हिजबुल्लाह के 3 कमांडर किए ढेर

punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 01:50 PM (IST)

 International Desk: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच शुक्रवार को पूर्वी लेबनान में इज़राइली हवाई हमलों ने हालात को फिर गंभीर बना दिया। नवंबर 2024 से लागू युद्धविराम के बावजूद किए गए इन हमलों में हिजबुल्लाह के तीन कमांडर समेत कुल 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी National News Agency (NNA) के अनुसार, रियाक इलाके में एक इमारत को निशाना बनाया गया, जहां हताहतों की संख्या शुरू में 10 बताई गई थी, लेकिन बाद में बढ़कर 11 हो गई।

   

सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक मारे गए लोगों में Hezbollah के तीन वरिष्ठ कमांडर हुसैन मोहम्मद यागी, अली ज़ैद अल-मूसावी और मोहम्मद इब्राहिम अल-मूसावी शामिल हैं। हिजबुल्लाह ने आधिकारिक बयान जारी कर हुसैन मोहम्मद यागी को “लेबनान और उसके लोगों की रक्षा में शहीद” बताया।लेबनानी सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार इज़राइली युद्धक विमानों ने पूर्वी लेबनान में हिजबुल्लाह से जुड़े ठिकानों पर कुल छह हवाई हमले किए।सिविल डिफेंस टीमों द्वारा मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी है। हालांकि इस हमले पर इज़राइल की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

 

हमलों से कुछ दिन पहले, 16 फरवरी को हिजबुल्लाह के नेता Naim Qassem ने कहा था कि यदि इज़राइल ने तनाव बढ़ाया तो उसे “दर्दनाक जवाब” दिया जाएगा। उन्होंने अमेरिका पर भी आरोप लगाया कि वह इज़राइली सैन्य अभियानों को राजनीतिक और कूटनीतिक समर्थन दे रहा है।बता दें कि अक्टूबर 2023 में गाजा संघर्ष शुरू होने के बाद से इज़राइल और हिजबुल्लाह के बीच सीमा पार झड़पें जारी हैं। 27 नवंबर 2024 को दोनों पक्षों के बीच युद्धविराम लागू हुआ था, लेकिन हालिया एयरस्ट्राइक ने संकेत दिया है कि क्षेत्र में शांति अब भी नाजुक बनी हुई है। विश्लेषकों का मानना है कि यदि जवाबी कार्रवाई होती है, तो यह टकराव व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष का रूप ले सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News