अफगानिस्तान में कुदरत का कहर! विनाशकारी भूकंप में 800 लोगों की मौत, 2500 घायल
punjabkesari.in Monday, Sep 01, 2025 - 02:43 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात अफगानिस्तान के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.0 मापी गई, जिसकी पुष्टि संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने की है और इसकी गहराई 10 किलोमीटर थी। जानकारी के मुताबिक, अब तक 800 लोगों की मौत हो गई है और 2500 घायल हुए हैं।
भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के जलालाबाद शहर से लगभग 27 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित था और यह 8 किलोमीटर की गहराई में आया। यह घटना रात 12:47 बजे (भारतीय समयानुसार) घटी, जबकि अंतरराष्ट्रीय समयानुसार यह 19:17:34 UTC पर दर्ज किया गया।
इन देशों में महसूस किए गए झटके:
-
अफगानिस्तान – भूकंप का केंद्र यहीं था।
-
भारत – दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा, जम्मू, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में झटके महसूस किए गए।
-
पाकिस्तान – खासतौर पर इस्लामाबाद, पेशावर और लाहौर में कंपन दर्ज की गई।
लोगों में मची अफरा-तफरी, लेकिन कोई नुकसान नहीं
दिल्ली-NCR और आसपास के इलाकों में जब देर रात झटके महसूस हुए, तो कई लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, अब तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
भूकंप क्यों आता है अफगानिस्तान में बार-बार?
-
अफगानिस्तान का हिंदूकुश पर्वतीय क्षेत्र भूकंप की दृष्टि से अत्यधिक संवेदनशील (seismically active zone) है।
-
यह इलाका भारतीय प्लेट और यूरेशियन टेक्टॉनिक प्लेट के टकराव बिंदु (collision zone) पर स्थित है।
-
इसके अलावा, एक सक्रिय फॉल्ट लाइन सीधे हेरात से होकर गुजरती है, जिससे भूकंप की घटनाएं आम हैं।
-
रेड क्रॉस के अनुसार, इस क्षेत्र में हर साल दर्जनों बार भूकंप आते हैं, जिनमें से कई जानलेवा भी साबित होते हैं।