थाईलैंड की राजमाता सिरिकित का 93 साल की उम्र में निधन, देश में एक साल तक शोक घोषित
punjabkesari.in Saturday, Oct 25, 2025 - 07:44 PM (IST)
International Desk: थाईलैंड की राजमाता कही जाने वाली पूर्व महारानी सिरिकित का शुक्रवार को 93 साल की उम्र में निधन हो गया। शाही परिवार से जुड़ी जानकारी देने वाले ‘द रॉयल हाउसहोल्ड ब्यूरो' ने कहा कि सिरिकित ने बैंकॉक के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। ब्यूरो ने बताया कि वह 17 अक्टूबर से रक्त संक्रमण से जूझ रही थीं और चिकित्सा टीम के प्रयासों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। ब्यूरो के अनुसार, सिरिकित को 2012 में स्ट्रोक हुआ था, जिसके बाद बिगड़ती सेहत के कारण वह सार्वजनिक कार्यक्रमों से अक्सर दूर रहती थीं। उनके पति महाराजा भूमिबोल अदुल्यादेज का अक्टूबर 2016 में निधन हो गया था।
सिरिकित का जन्म 12 अगस्त 1932 को बैंकॉक में हुआ था। वह 1950 से 2016 तक थाईलैंड की महारानी रहीं। ब्यूरो ने एक बयान में कहा कि महाराजा महा वजीरालोंगकोर्न ने निर्देश दिया है कि सिरिकित का अंतिम संस्कार सर्वोच्च सम्मान के साथ किया जाए। उन्होंने शाही परिवार के सदस्यों और शाही सेवकों को एक साल तक शोक मनाने का भी निर्देश दिया है। सिरिकित के निधन की खबर सुनने के बाद शनिवार सुबह शोकाकुल लोग चुलालोंगकोर्न अस्पताल के बाहर जमा हो गए। प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल ने शनिवार को कहा कि सिरिकित का निधन ‘‘देश के लिए एक बड़ी क्षति'' है। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी एजेंसियों के कार्यालयों पर 30 दिनों तक राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और सरकारी कर्मचारी एक साल तक शोक मनाएंगे।
