Terror Attack: आतंकियों ने नाइजीरिया में प्रार्थना के दौरान की ताबड़तोड़ गोलीबारी, गई इतने लोगों की जान

punjabkesari.in Wednesday, Apr 30, 2025 - 01:00 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: नाइजीरिया से एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बोर्नो राज्य के चिबोक इलाके में सोमवार शाम को आतंकियों ने अचानक एक प्रार्थना सभा पर हमला कर दिया। यह सभा एक दिवंगत स्थानीय नेता की याद में आयोजित की गई थी। लोगों की आंखें बंद थीं, वे दुआ मांग रहे थे और तभी गोलियों की आवाजें गूंज उठीं। सबकुछ कुछ ही मिनटों में बदल गया। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। शुरुआती हमले में ही 7 लोगों की मौत हो गई थी। लेकिन इसके बाद जब बचावकर्मी मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने 7 और शव बरामद किए। यानी अब तक कुल 14 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है

सरकारी अधिकारियों का कहना है कि मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता है क्योंकि अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है। कुछ शव झाड़ियों में या पास के इलाकों में हो सकते हैं। कई घायल भी हैं जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। बचाव टीमें दिन-रात काम कर रही हैं।

बोको हराम पर शक

इस हमले के पीछे आतंकी संगठन बोको हराम का हाथ बताया जा रहा है। यह संगठन पिछले कई वर्षों से नाइजीरिया और आसपास के देशों में आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा है। चिबोक वही जगह है जहां साल 2014 में बोको हराम ने 270 से ज़्यादा स्कूली लड़कियों का अपहरण कर पूरी दुनिया को हिला दिया था।

अफ्रीका में क्यों बढ़ रहे हैं आतंकी हमले?

अफ्रीका के कई देश पहले ही गरीबी और हिंसा से जूझ रहे हैं। अब वहां आतंकवाद ने भी अपने पैर पसार लिए हैं। बोको हराम और अन्य आतंकी संगठन लोगों को धर्म और गरीबी के नाम पर बहला-फुसलाकर अपने साथ जोड़ते हैं और फिर निर्दोष लोगों को अपना निशाना बनाते हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ashutosh Chaubey

Related News