चेतावनीः चीन के ऋणजाल कारण डूबा श्रीलंका, अब पाकिस्तान की बारी !

punjabkesari.in Saturday, Jul 16, 2022 - 04:19 PM (IST)

इस्लामाबादः श्रीलंका इन दिनों आर्थिक और राजनीतिक संकट का सामना कर रहा है। विदेश नीति विश्लेषण के अनुसार श्रीलंका में अशांति और अभूतपूर्व राजनीतिक उथल-पुथल ने हिंद महासागर क्षेत्र में खतरे की घंटी बजा दी है। और सबसे ज्यादा खतरा पाकिस्तान पर मंडरा रहा है। पाकिस्तानी अखबार डान में पत्रकार और लेखक जाहिद हुसैन की एक रिपोर्ट में उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा  कि बेशक हम अभी तक श्रीलंका के हालात में नहीं लेकिन इन स्थितियों से ज्यादा दूर भी नहीं हैं ।  उन्होंने आगे कहा कि देश अच्छी स्थिति में नहीं है और IMF के साथ बातचीत स्पष्ट रूप से अनिर्णायक है और मित्र देशों से आने वाली वित्तीय सहायता का अभी भी इंतजार है।''

 

श्रीलंका आज जिस स्थिति में है उसके लिए पूरी तरह से जिम्मेदार है उसका आर्थित तौर पर दिवालिया होना। श्रीलंका पर कर्ज का बोझ इतना बढ़ गया कि वह उसे चुका नहीं पाया और आज वहां कि स्थिति से पूरी दुनिया वाकिफ है। अब यही स्थिति पाकिस्तान के साथ भी आ गई है। पाकिस्तान के हालात तो श्रीलंका से भी ज्यादा बदतर हो सकते हैं, क्योंकि एक तरफ जहां उस पर कर्जा का बोझ बढ़ता जा रहा है, तो वहीं दूसरी ओर उसका विदेशी मुद्रा भंडार तेजी से खाली होता जा रहा है। आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार जितनी तेजी से खाली हो रहा है, शहबाज शरीफ की सरकार पर काले बादल उसी तेजी से मंडरा रहे हैं। क्योंकि मुल्क में जरा सी भी श्रीलंका वाली हालत बनी तो इमरान खान और उनकी पार्टी जनता के बीच शहबाज सरकार को घेरने के लिए तैयार बैठी है।

 

बता दें कि पाकिस्तान भी श्रीलंका की ही तरह चीन  का भारी कर्जदार है। पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) के तहत चीन के कर्ज के जाल में फंसा है ।श्रीलंका जहां बुरे दौर से गुजर रहा है। वहीं पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। दोनों दक्षिण एशियाई देशों में प्रमुख निवेश बुनियादी ढांचे में हैं और चूंकि दोनों देशों में आर्थिक, औद्योगिक और प्रबंधकीय कौशल की कमी है। इस्लाम खबर की रिपोर्ट में कहा गया है कि इसके परिणामस्वरूप दोनों देशों ने और कर्ज लिया और उन्हें एक दुष्चक्र में डाल दिया, जिससे वे बच नहीं सकते।

 

पाकिस्तान इन दिनों गंभीर हालत का समाना कर रहा है। देश में भले ही नई सरकार आ गई हो, लेकिन नई सरकार कई मोर्चों पर अभी भी लड़ रही है।  चीन पाकिस्तान का दोस्त बनने का सिर्फ दिखावा करता है। पाकिस्तान को शायद यह बात समझ आ गई हो। क्योंकि श्रीलंका की जो स्थिति आज है उसमें चीन का बहुत बड़ा योगदान है और पाकिस्तान का भी हश्र आगे चल कर जो होगा उसमें भी चीन का बहुत बड़ा योगदान होगा। पाकिस्तान अपने विदेशी कर्जों को उतारे के लिए उच्च दरों पर दूसरे विदेशी कर्ज ले रहा है और ये कर्ज पाकिस्तान को चीन दे रहा है। चीन इस मौके का जमकर फायदा उठा रहा है और भारी दरों पर पाकिस्तान को कर्ज मुहैया करा रहा है। पाकिस्तान ने चीन से अभी हाल ही में 2.3 अरब डॉलर का कर्ज बेहद उच्च दरों पर लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News