तालिबान राज में अफगानिस्तान का एकमात्र स्पो‌र्ट्स चैनल भी बंद

punjabkesari.in Monday, Oct 11, 2021 - 01:57 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः अफगानिस्तान कब्जे के बाद तालिबान द्वारा लगातार हिटलरी फरमान जारी किए जा रहे हैं और उल जूलूल फैसले लेने का क्रम जारी है। उसके फैसलों का असर खेलों पर भी हो रहा है। तालिबान के प्रतिबंधों के बाद अफगानिस्तान में एकमात्र स्पोर्ट्स टीवी चैनल भी बंद हो गया है। टोलो न्यूज ने संगठन के प्रमुख के हवाले से बताया कि  तालिबानी प्रतिबंधों के अलावा  आर्थिक संकट भी चैनल के बंद होने का एक प्रमुख कारण है।   चैनल के प्रमुख शफीकउल्लाह सलीम पोया ने कहा, 'चैनल का प्रसारण बंद करने की प्रमुख वजह मीडिया, खासकर   स्पो‌र्ट्स चैनल पर लगाया गया प्रतिबंध है।

 

मीडिया सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक मोर्चो पर समस्याओं का सामना कर रहा है।' पायो ने कहा कि अफगानिस्तान के पत्रकार अपनी ड्यूटी के दौरान कई मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि कुछ हफ्ते पहले अफगानिस्तान के करीब 150 मीडिया हाउस बंद हो चुके हैं। इसकी प्रमुख वजह आर्थिक व राजनीतिक संकट रही।  तालिबान पहले ही महिलाओं के खेलों में भाग लेने के खिलाफ है और अब उसने स्टेडियमों में महिला दर्शकों के आने के चलते अफगानिस्तान में इंडियन प्रीमियर लीग के प्रसारण पर भी प्रतिबंध लगा दिया।

 

तालिबान ने कहा कि आईपीएल मे इस्लाम विरोधी सामग्री का प्रदर्शन किया जाता है  इसलिए इस पर बैन है। उसे स्टेडियमों में महिला दर्शकों के आने पर ही आपत्ति है। उल्लेखनीय है कि तालिबान ने पिछले महीने जब से इस संघर्षग्रस्त देश पर कब्जा किया है तब से अंतरराष्ट्रीय खेल समुदाय खेलों में भाग लेने वाली महिलाओं पर कट्टरपंथी समूह के रुख को लेकर चिंतित हैं। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) के पूर्व मीडिया मैनेजर और पत्रकार एम. इब्राहिम मोमंद ने कहा कि कथित ‘इस्लामी विरोधी’ सामग्री के कारण आईपीएल मैचों के सीधे प्रसारण पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसलिए वहां IPL बैन है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News