इस घड़ी के लिए यूरोप से अमेरिका तक बवालः बेकाबू भीड़ पर पुलिस ने छोड़ी आंसू गैस, सब काम छोड़ 5 दिन से लाइनों में लगे लोग(Video)

punjabkesari.in Monday, May 18, 2026 - 03:32 PM (IST)

International Desk: दुनिया में कुछ घड़ियां सिर्फ समय देखने का साधन नहीं होतीं, बल्कि उन्हें स्टेटस सिंबल और निवेश का जरिया माना जाता है। ऐसी ही एक लिमिटेड एडिशन घड़ी ने इस समय यूरोप और अमेरिका में जबरदस्त उन्माद पैदा कर दिया है। मशहूर स्विस ब्रांड Swatch और लग्जरी वॉचमेकर Audemars Piguet की साझेदारी में लॉन्च हुई “Royal Pop” घड़ी को खरीदने के लिए लोग कई-कई दिन तक दुकानों के बाहर लाइन में खड़े रहे। हालात इतने बिगड़ गए कि कई जगह पुलिस बुलानी पड़ी, आंसू गैस छोड़नी पड़ी और कुछ शहरों में स्टोर तक बंद करने पड़े।

 

 घड़ी में क्या है खास?
ऑडेमर्स पिगुएट दुनिया के सबसे महंगे और प्रतिष्ठित लग्जरी वॉच ब्रांड्स में गिना जाता है। इसकी घड़ियां आमतौर पर लाखों से करोड़ों रुपये तक में बिकती हैं। लेकिन “Royal Pop” मॉडल को अपेक्षाकृत कम कीमत यानी करीब 400 से 420 डॉलर (लगभग 40 हजार रुपए) में लॉन्च किया गया। यही वजह रही कि लोगों को लगा कि इस घड़ी को खरीदकर बाद में कई गुना ज्यादा कीमत पर बेचा जा सकता है। लिमिटेड स्टॉक और हाई रीसेल वैल्यू की उम्मीद ने इस घड़ी को “कलेक्टर आइटम” बना दिया।

 

ब्रिटेन में बेकाबू हुई भीड़
ब्रिटेन के मैनचेस्टर, कार्डिफ, बर्मिंघम, लिवरपूल और शेफील्ड में दुकानों के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। कई खरीदार पूरी रात सड़कों पर बैठे रहे, जबकि कुछ लोग पांच-पांच दिन पहले से लाइन में लग गए थे। बर्मिंघम में पुलिस ने भीड़ हटाने के लिए विशेष आदेश लागू किए। कार्डिफ में 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर “सेक्शन 35” नोटिस दिया गया।  लंदन के बैटरसी पावर स्टेशन और वेस्टफील्ड शॉपिंग सेंटर में हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि पुलिस को डॉग स्क्वॉड तैनात करना पड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग सुरक्षा बैरिकेड तोड़कर स्टोर के अंदर घुसते दिखाई दिए। मैनचेस्टर के ट्रैफर्ड सेंटर में खरीदारों के बीच झड़प और धक्का-मुक्की की खबरें भी सामने आईं। स्थिति बिगड़ती देख Swatch ने मैनचेस्टर और लिवरपूल के कुछ स्टोर अस्थायी रूप से बंद कर दिए।

 

पेरिस में छोड़ी गई आंसू गैस
फ्रांस की राजधानी पेरिस में भी घड़ी को लेकर भारी अफरा-तफरी देखने को मिली। रिपोर्ट्स के मुताबिक स्वॉच स्टोर के बाहर करीब 300 लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस को हालात काबू में करने के लिए आंसू गैस छोड़नी पड़ी। इस दौरान दुकान का मेटल शटर और दो सुरक्षा गेट टूट गए। फ्रांस के अलावा इटली के मिलान में भी स्टोर खुलते ही लोगों के बीच झगड़ा शुरू हो गया।

 

न्यूयॉर्क में ‘कॉन्सर्ट जैसी भीड़’
अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित टाइम्स स्क्वायर स्टोर पर भी हजारों लोग उमड़ पड़े। बुधवार से लाइन में लगे एक खरीदार जॉन मैकिन्टॉश ने कहा कि हालात किसी बड़े म्यूजिक कॉन्सर्ट जैसे थे। उन्होंने बताया कि कई लोग लाइन तोड़कर आगे घुस रहे थे और जो सबसे ज्यादा धक्का दे रहा था, वही आगे पहुंच पा रहा था। एक अन्य खरीदार ने दावा किया कि उसने पांच दिन लाइन में लगने के बाद घड़ी खरीदी और तुरंत उसे 4,000 डॉलर में बेच दिया। यानी करीब दस गुना ज्यादा कीमत।

 

सोशल मीडिया पर भी बवाल
विशेषज्ञों का कहना है कि आजकल लिमिटेड एडिशन लग्जरी आइटम्स का “रीसेल मार्केट” तेजी से बढ़ रहा है। लोग सिर्फ इस्तेमाल के लिए नहीं, बल्कि निवेश और मुनाफे के लिए ऐसे उत्पाद खरीद रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो, इन्फ्लुएंसर्स का प्रचार और कम स्टॉक की रणनीति ने इस घड़ी को “वैश्विक क्रेज” में बदल दिया। TikTok, Instagram और X पर इस घड़ी के वीडियो लाखों बार देखे जा चुके हैं। कई वीडियो में लोग स्टोर के बाहर जमीन पर सोते, धक्का-मुक्की करते और पुलिस से बहस करते दिखाई दिए। कुछ यूजर्स ने इसे “घड़ी नहीं, नया क्रिप्टो क्रेज” बताया, जबकि कई लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर एक घड़ी के लिए लोग अपनी सुरक्षा तक क्यों दांव पर लगा रहे हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News