सऊदी अरब के मुफ्ती ए आजम शेख अब्दुलअजीज का निधन, PM मोदी ने जताई संवेदना

punjabkesari.in Wednesday, Sep 24, 2025 - 03:48 PM (IST)

Dubai: सऊदी अरब के मुफ्ती ए आजम शेख अब्दुलअजीज बिन अब्दुल्ला अल-शेख का मंगलवार को निधन हो गया। उन्होंने 25 साल से भी अधिक समय तक देश के शीर्ष धार्मिक नेता के रूप में सेवा दी और इस दौरान इस अति-रूढ़िवादी मुस्लिम राष्ट्र का सामाजिक उदारीकरण हुआ। मुफ्ती ए आजम के रूप में 80 वर्षीय शेख अब्दुलअजीज की भूमिका ने उन्हें सुन्नी मुसलमानों की दुनिया में शीर्ष इस्लामी धर्मगुरुओं में से एक बना दिया। मक्का और मदीना जैसे शहरों के देश सऊदी अरब में हर साल अनिवार्य वार्षिक हज यात्रा का आयोजन होता है, जो सभी स्वस्थ मुसलमानों के लिए जीवन में एक बार करना अनिवार्य होता है। इसमें मुफ्ती ए आजम की घोषणाओं का पालन और भी बारीकी से होता है।

 

शेख अब्दुलअजीज का अल सऊद शासक परिवार के साथ घनिष्ठ संबंध था, जिसने महिलाओं को गाड़ी चलाने की अनुमति दी, सिनेमाघर खोले और हाल के वर्षों में सामाजिक उदारीकरण को और आगे बढ़ाया। शेख अब्दुलअजीज ने इस्लामिक स्टेट समूह और अल-कायदा जैसे चरमपंथियों की निंदा की। मुफ्ती ए आजम के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई ऐसी घोषणाएं भी कीं जिन्हें सांप्रदायिक और सऊदी अरब के वहाबवाद का अनुसरण करने वाला माना जाता था। वहाबवाद इस्लाम का एक कठोर रूप था जिसके तहत दशकों तक देश में लिंगों के बीच भेदभाव, संगीत पर प्रतिबंध और अन्य सख्त नियम लागू रहे। सऊदी अरब की सरकारी मीडिया ने शेख अब्दुलअजीज के निधन की सूचना दी। हालांकि उसने उनकी मृत्यु का कारण नहीं बताया। देश के प्रभावशाली युवराज मोहम्मद बिन सलमान मंगलवार रात को रियाद में दिवंगत मुफ्ती के अंतिम संस्कार की प्रार्थना में शामिल हुए।

 

सलमान अपने 89 वर्षीय पिता शाह सलमान के अधीन देश का शासन चलाते हैं। सऊदी शाही अदालत ने एक बयान में कहा, ‘‘उनके निधन से देश और इस्लामी जगत ने एक प्रतिष्ठित विद्वान खो दिया है, जिन्होंने इस्लाम और मुसलमानों की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।'' सऊदी अरब की शाही अदालत सऊदी अरब के शाह और सरकारी एजेंसियों के बीच संपर्क का काम करता है और शाह का मुख्य कार्यकारी कार्यालय है। शेख अब्दुलअजीज युवावस्था में ही आंखों की रोशनी खो चुके थे, 1999 में सऊदी के शाह फहद ने उन्हें मुफ्ती ए आजम बनाया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक्स' पर पोस्ट कर अब्दुलअजीज के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘‘सऊदी अरब के मुफ्ती ए आजम, महामहिम शेख अब्दुल अजीज बिन अब्दुल्ला बिन मोहम्मद अल अलशेख के निधन पर गहरी संवेदना। इस दुख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सऊदी अरब और वहां के लोगों के साथ हैं।''  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News