सऊदी अरब ने 14 देशों के वीजा पर लगाया अस्थायी बैन, जानिए किन देशों के नाम हैं शामिल

punjabkesari.in Tuesday, Apr 08, 2025 - 09:00 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क। सऊदी अरब ने 8 अप्रैल 2025 से भारत पाकिस्तान सहित कुल 14 देशों के नागरिकों के लिए वीजा पर अस्थायी बैन लगा दिया है। यह कदम सऊदी सरकार ने हज यात्रा के दौरान व्यवस्था बनाए रखने और बिना रजिस्ट्रेशन के अनधिकृत हज यात्रियों को रोकने के लिए उठाया है। इस बैन का असर बिजनेस, फैमिली और उमराह वीजा पर भी पड़ेगा जो मध्य जून तक लागू रहेगा।

अस्थायी बैन का कारण

सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने इस फैसले को पिछले साल हुई एक दर्दनाक घटना से जोड़कर लिया है। 2024 में हज के दौरान हुई भगदड़ में 1,000 से ज्यादा लोगों की जान चली गई थी जिनमें से अधिकांश बिना रजिस्ट्रेशन के हज पर आए थे। इस हादसे से बचने के लिए सऊदी सरकार ने यह कदम उठाया है। क्राउन प्रिंस ने स्पष्ट किया कि अस्थायी वीजा बैन का उद्देश्य हज के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

किसे प्रभावित करेगा यह बैन?

सऊदी अरब ने जिन देशों के नागरिकों पर वीजा बैन लागू किया है उनमें भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, मिस्र, इंडोनेशिया, नाइजीरिया, इराक, जॉर्डन, अल्जीरिया, सूडान, इथियोपिया, ट्यूनीशिया, और यमन शामिल हैं। इन देशों के नागरिकों को अब हज यात्रा के लिए सऊदी अरब जाने के लिए वीजा प्राप्त करने में परेशानी होगी।

 

यह भी पढ़ें: जेब पर बड़ी मार! आज से बढ़े LPG सिलेंडर के दाम, जानिए आपके शहर का नया रेट

 

उमराह वीजा के नियम

सऊदी अधिकारियों के अनुसार इस साल 13 अप्रैल तक उमराह वीजा के लिए आवेदन किए जा सकते हैं। 13 अप्रैल के बाद उमराह वीजा जारी नहीं किए जाएंगे। यह नियम अस्थायी रूप से लागू किया गया है और जैसे ही हज यात्रा का समय समाप्त होगा वीजा की प्रक्रिया सामान्य हो जाएगी।

वीजा बैन कब तक रहेगा?

यह अस्थायी वीजा बैन मध्य जून तक यानी इस साल के हज यात्रा के पूरे होने तक लागू रहेगा। इसके बाद सऊदी अरब वीजा नियमों को फिर से सामान्य कर देगा जिससे उन देशों के नागरिकों को हज यात्रा पर जाने की अनुमति मिल जाएगी जिन पर यह बैन लागू है।

सऊदी अरब का यह कदम क्यों?

सऊदी अरब ने यह कदम हज यात्रा की बेहतर व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा के लिए उठाया है। बिना रजिस्ट्रेशन के हज यात्रियों के प्रवेश को रोकने से हज के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी। इसके अलावा इससे हज यात्रा की प्रक्रिया को आसान और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।

बता दें कि सऊदी अरब का यह अस्थायी वीजा बैन कई देशों के नागरिकों के लिए एक झटका हो सकता है खासकर उन लोगों के लिए जो हज यात्रा के लिए तैयार थे। हालांकि यह कदम यात्रियों की सुरक्षा और हज यात्रा की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उठाया गया है। इस बैन के खत्म होने के बाद हज यात्रा और वीजा प्रक्रिया फिर से सामान्य हो जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News