रशियन महिला ने पति से यूक्रेन की महिला का करवाया रेप, इंटरनेट पर मचा हंगामा
punjabkesari.in Thursday, Apr 03, 2025 - 04:23 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना का संबंध सिर्फ जंग से नहीं बल्कि अमानवीयता और क्रूरता से भी है। एक रूसी महिला, ओल्गा बाइकोव्स्काया, को अपने पति को यूक्रेनी महिलाओं के साथ रेप करने के लिए उकसाने के आरोप में दोषी ठहराया गया है। कीव की एक अदालत ने इस महिला को पांच साल की जेल की सजा सुनाई है।
क्या है पूरा मामला?
यूक्रेन और रूस के बीच लंबे समय से युद्ध जारी है। इस दौरान युद्ध के नियमों और मानवाधिकारों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है। इसी बीच ओल्गा बाइकोव्स्काया नामक एक रूसी महिला ने अपने पति, जो कि रूसी सेना में सैनिक है, को यूक्रेनी महिलाओं के साथ दुष्कर्म करने के लिए उकसाया। यह खबर सबसे पहले समाचार पत्र प्रावदा और रेडियो लिबर्टी के जरिए सामने आई। जब यह मामला सामने आया तो कीव के शेवचेनकिव्स्की जिला न्यायालय ने इस महिला को युद्ध के कानूनों और मानवीय मूल्यों के उल्लंघन का दोषी मानते हुए सजा सुनाई।
सोशल मीडिया पर भड़के लोग
इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर बवाल मच गया। हजारों यूजर्स ने इस घटना पर गुस्सा जाहिर किया। एक यूजर ने लिखा, "ऐसे लोग इंसान कहलाने लायक नहीं हैं।" वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा, "युद्ध के भी कुछ उसूल होते हैं, लेकिन यह तो क्रूरता की हद पार कर चुका है।" कई लोग इसे युद्ध अपराध करार दे रहे हैं और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
कानूनी कार्रवाई और सजा
रूसी महिला ओल्गा बाइकोव्स्काया को यूक्रेनी अदालत ने युद्ध अपराधों और अमानवीय कृत्य को बढ़ावा देने का दोषी ठहराया है। उसे पांच साल की जेल की सजा सुनाई गई है। हालांकि, कई लोगों का मानना है कि इस तरह के अपराध के लिए और कड़ी सजा होनी चाहिए।
युद्ध के दौरान बढ़ते अपराध
रूस और यूक्रेन के युद्ध के दौरान कई बार महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं सामने आई हैं। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि युद्ध के नाम पर महिलाओं और बच्चों को प्रताड़ित करना एक गंभीर अपराध है और इसे रोकने के लिए वैश्विक स्तर पर कदम उठाए जाने चाहिए।