सुबह-सुबह हो गया बड़ा हादसा... पहाड़ी से टकराकर रूसी सेना का An-26 विमान हुआ क्रैश, 29 लोगों की गई जान

punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 11:54 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क : रूस के क्रीमिया क्षेत्र से बुधवार सुबह एक बेहद दुखद खबर सामने आई। यहां रूसी सेना का An-26 सैन्य विमान हादसे का शिकार हो गया। यह विमान एक ऊंची पहाड़ी से टकरा गया, जिसके बाद उसमें सवार सभी 29 लोगों की मौत हो गई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर पैदा कर दी है।

विमान में सवार थे 29 लोग

जानकारी के मुताबिक, विमान में कुल 29 लोग मौजूद थे। इनमें 23 यात्री और 6 क्रू मेंबर्स शामिल थे। हादसा इतना गंभीर था कि किसी के भी बचने की कोई खबर नहीं है। बचाव दल को मौके पर पहुंचने के बाद केवल मलबा ही मिला।

ब्लैक सी के पास हुआ हादसा

यह दुर्घटना उस समय हुई जब विमान ब्लैक सी के पास क्रीमियाई प्रायद्वीप के ऊपर उड़ान भर रहा था। रिपोर्ट्स के अनुसार, क्रैश से कुछ समय पहले ही विमान का कंट्रोल रूम से संपर्क अचानक टूट गया था। इसके बाद खोज अभियान शुरू किया गया और काफी देर बाद विमान का मलबा पहाड़ी इलाके में मिला।

रूसी रक्षा मंत्रालय की पुष्टि

रूस के रक्षा मंत्रालय ने इस हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटनास्थल से किसी के भी जीवित बचने की संभावना नहीं मिली है। टीम लगातार मौके पर जांच और राहत कार्य में जुटी हुई है।

हादसे की वजह पर सस्पेंस

फिलहाल इस दुर्घटना के कारणों को लेकर स्थिति साफ नहीं है। शुरुआती रिपोर्ट्स में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

जांच एजेंसियां सक्रिय

जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हादसा आखिर किस वजह से हुआ। संभावना जताई जा रही है कि या तो विमान के इंजन में अचानक खराबी आई या फिर मौसम की खराब स्थिति ने इस दुर्घटना को जन्म दिया। हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

संवेदनशील इलाके में हादसा

जिस इलाके में यह दुर्घटना हुई है, वह सुरक्षा के लिहाज से काफी संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में सैन्य विमान का इस तरह हादसे का शिकार होना रूस के लिए एक बड़ी चिंता का विषय बन गया है।

ब्लैक बॉक्स से खुल सकते हैं राज

फिलहाल जांच टीम का पूरा ध्यान मलबे से अहम सबूत जुटाने और ब्लैक बॉक्स को खोजने पर है। माना जा रहा है कि ब्लैक बॉक्स से इस हादसे की असली वजह का पता चल सकेगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News