ट्रंप का बड़ा दावा: पुतिन-जेलेंस्की माने, 72 घंटे रुकेगी जंग, 2000 कैदियों की भी होगी अदला-बदली
punjabkesari.in Saturday, May 09, 2026 - 08:05 AM (IST)
इंटरनेशनल डेस्क: रूस-यूक्रेन युद्ध में एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता के बाद दोनों देश 9, 10 और 11 मई तक तीन दिनों के 'सीजफायर' (युद्धविराम) पर सहमत हो गए हैं। इस दौरान सीमा पर सभी सैन्य गतिविधियां पूरी तरह थमी रहेंगी।
ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर किया बड़ा एलान
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर इस ऐतिहासिक सफलता की जानकारी दी। ट्रंप ने इस सीजफायर का क्रेडिट लेते हुए कहा है कि यह अनुरोध सीधे मेरी ओर से किया गया था। उन्होंने बताया कि यह युद्धविराम उनके सीधे अनुरोध पर संभव हुआ है। ट्रंप ने इसके लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की की तारीफ भी की है।

ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा कि यह सीजफायर दोनों देशों के लिए खास है। 9 मई को रूस में 'विजय दिवस' (Victory Day) का जश्न मनाया जाता है। दूसरे विश्व युद्ध के दौरान यूक्रेन भी उस जीत का अहम हिस्सा था, इसलिए यह उनके लिए भी सम्मान की बात है। दोनों देशों ने एक-दूसरे के 1,000 कैदियों (कुल 2,000) को रिहा करने पर सहमति जताई है।
क्रेमलिन और जेलेंस्की ने की पुष्टि
रूस की ओर से क्रेमलिन ने स्पष्ट किया है कि वे ट्रंप के प्रस्ताव पर अमल करने और कैदियों की अदला-बदली के लिए तैयार हैं। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने भी इस बात की पुष्टि की है कि युद्धबंदियों की रिहाई जल्द शुरू होगी।
