रैली स्पीच के दौरान अचानक शख्स करने लगा ट्रंप की हूबहू नकल; कैमरे में कैद हुए मजेदार पल, वीडियो वायरल

punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2026 - 02:54 PM (IST)

International Desk: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की जॉर्जिया रैली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस बार चर्चा ट्रंप के भाषण की नहीं, बल्कि उनके ठीक पीछे बैठे एक शख्स की हो रही है, जिसने पूरे संबोधन के दौरान ट्रंप के हाव-भाव और हाथों की हरकतों की हूबहू नकल की। यह घटना जॉर्जिया के मारिएटा स्थित व्हीलर हाई स्कूल में आयोजित ट्रंप की चुनावी रैली के दौरान हुई। कैमरे में कैद वीडियो में सूट और लाल टाई पहने एक व्यक्ति ट्रंप के बोलने के साथ-साथ उनके हाथों के इशारे, सिर हिलाने के अंदाज और चेहरे के भावों की नकल करता दिखाई देता है।

 

वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने दावा किया कि वह व्यक्ति ट्रंप का मजाक उड़ा रहा था। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि उसकी मंशा व्यंग्य करने की थी या वह केवल मनोरंजन के लिए ऐसा कर रहा था। कुछ लोगों ने यह भी दावा किया कि बाद में वह व्यक्ति कैमरे के फ्रेम से गायब हो गया। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी कि उसने सीट बदल ली थी या कैमरे का एंगल बदल गया था। रैली के दौरान ट्रंप ईरान और अपने राजनीतिक विरोधियों समेत कई मुद्दों पर बोल रहे थे, लेकिन पीछे बैठे व्यक्ति की हरकतों ने लोगों का ध्यान भाषण से ज्यादा अपनी ओर खींच लिया।

 

करीब एक घंटे से अधिक चली रैली के प्रसारण में यह भी दिखाई दिया कि पीछे बैठे कुछ लोग बातचीत करते, मोबाइल फोन देखते या भाषण के दौरान कम रुचि लेते नजर आए। इस रैली से कुछ घंटे पहले ट्रंप ने डोवर एयर फोर्स बेस में ईरान से जुड़े हालिया घटनाक्रम में मारे गए चार अमेरिकी सैनिकों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News