रूस ने यूक्रेन पर दागी 70 से अधिक मिसाइलें और 100 ड्रोन, जेलेंस्की बोले- क्रूर पुतिन ने जानबूझकर क्रिसमस पर किया हमला

punjabkesari.in Wednesday, Dec 25, 2024 - 07:14 PM (IST)

International Desk: रूस ने क्रिसमस के मौके पर यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हमला किया, जिसमें 70 से अधिक मिसाइल और 100 से अधिक ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। इन हमलों में छह लोग घायल हुए और एक व्यक्ति की मौत हो गई। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस हमले को अमानवीय करार दिया और आरोप लगाया कि क्रूर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने जानबूझकर क्रिसमस के दिन को चुना, ताकि यूक्रेन में तबाही मचाई जा सके। 

 

रूस ने यूक्रेन के ऊर्जा केंद्रों को निशाना बनाते हुए खार्कीव और कीव समेत कई इलाकों में ब्लैकआउट कर दिया। खार्कीव में तापमान शून्य के करीब पहुंच चुका है, और पांच लाख से अधिक लोग बिना हीटिंग सुविधा के रह रहे हैं। कीव समेत कई इलाकों में लोग क्रिसमस की सुबह मेट्रो स्टेशनों में शरण लेने को मजबूर हुए। यूक्रेन की सेना ने दावा किया कि उसने रूस की 59 मिसाइलों और 54 ड्रोन को मार गिराया। हालांकि, रूसी हमलों ने यूक्रेन के थर्मल पावर प्लांट को भारी क्षति पहुंचाई है, जिससे बिजली आपूर्ति और हीटिंग सेवाएं ठप हो गईं। ऊर्जा मंत्री जर्मन गैलुशेंको ने बताया कि रूस का यह हमला यूक्रेन के पावर ग्रिड पर इस साल का 13वां हमला है, जिसने देश की लगभग आधी उत्पादन क्षमता को नुकसान पहुंचाया है। 


 
यूक्रेन के विदेश मंत्री ने आरोप लगाया कि रूसी मिसाइलें मोल्दोवन और रोमानियाई हवाई क्षेत्र से होकर गुजरीं, जिससे यह हमला अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी खतरा बन गया। अमेरिकी राजदूत ब्रिजेट ब्रिंक ने इसे रूस द्वारा यूक्रेन को "क्रिसमस उपहार" कहकर निंदा की और इसे "घृणित कृत्य" बताया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि यह हमला पुतिन की सर्दियों को "हथियार" बनाने की रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा, "क्रिसमस के दिन हमला करके रूस ने अपनी अमानवीयता का परिचय दिया है।"  रूस की ओर से इस हमले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News