जापान में बारिश और बाढ़ का कहर, 5 की मौत, हजारों लोग प्रभावित इलाकों में फंसे
punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 06:16 PM (IST)
नेशनल डेस्क : जापान में तोक्यो के पूर्वी इलाकों में रातभर भारी बारिश होने के कारण आई बाढ़ में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति लापता है। बाढ़ के कारण सड़कों और कई घरों में पानी भर गया, बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और हजारों लोग प्रभावित इलाकों में फंस गए।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने शुक्रवार सुबह बारिश की तीव्रता कम होने के बाद चिबा प्रांत के 12 से अधिक नगर निकायों के लिए जारी भारी बारिश की सबसे गंभीर चेतावनी का स्तर घटा दिया। हालांकि, दिन में फिर भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है। सुबह सामने आई तस्वीरों और समाचार चैनलों पर प्रसारित वीडियो में बाढ़ से हुए व्यापक नुकसान का पता चला। कई घर और वाहन पानी में डूबे दिखाई दिए, जबकि रेल पटरियां भी जलमग्न हो गईं। 'ग्राउंड सेल्फ-डिफेंस फोर्स' ने बताया कि उसने सोगा रेलवे स्टेशन पर फंसे करीब 4,000 लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए बसें भेजी हैं।
यह स्टेशन स्थानीय रेल मार्ग पर स्थित है, जो तोक्यो डिज्नी क्षेत्र से भी जुड़ा है। थीम पार्क को किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। तोक्यो इलाके के नारिता हवाई अड्डे पर रात भर फंसे हजारों लोग धीरे-धीरे वहां से निकलने लगे, क्योंकि शुक्रवार सुबह ट्रेन सेवा विलंब के साथ ही आंशिक रूप से बहाल हो गई। चिबा प्रांत की सरकारी इमारत में सैकड़ों लोगों ने रात गुजारी और शरण ली। प्रांतीय प्रशासन ने बताया कि पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति लापता है।
चिबा के अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर तक इलाके में 170 से अधिक घरों में पानी भर गया था और 300 से अधिक लोग सार्वजनिक जगहों पर शरण लिए हुए थे। 'टेपको पावर ग्रिड' के अनुसार, मूसलाधार बारिश और बाढ़ के कारण शुक्रवार सुबह करीब 18,000 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, हालांकि इससे पहले यह संख्या 68,000 थी। चिबा शहर में केवल एक घंटे में 11.5 सेंटीमीटर, जबकि साकुरा में 9.7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
