भूकंप से फिर दहला जापान, आओमोरी तट पर 5.8 तीव्रता के लगे तेज झटके

punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 12:53 PM (IST)

Tokyo: जापान के उत्तरी हिस्से में स्थित आओमोरी प्रांत के प्रशांत महासागर तट के पास शनिवार सुबह 5.8 तीव्रता का भूकंप आया। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 11:48 बजे आया और इसकी गहराई 80 किलोमीटर दर्ज की गई।  भूकंप की तीव्रता जापान की 7-स्तरीय भूकंपीय तीव्रता मापनी पर स्तर 4 रही। राहत की बात यह है कि सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई और फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है।यह भूकंप ऐसे समय आया है जब कुछ ही दिन पहले कुमामोटो प्रांत में आए भीषण भूकंप ने भारी तबाही मचाई थी। उस भूकंप की तीव्रता जापान की भूकंपीय मापनी पर अधिकतम स्तर 7 दर्ज की गई थी।  

 

शुक्रवार को कुमामोटो प्रशासन ने बताया कि वहां आए शक्तिशाली भूकंप में अब तक 35 लोगों की मौत हो चुकी है। कई मौतों की जांच अभी भी जारी है कि वे सीधे भूकंप के कारण हुईं या नहीं।कुमामोटो और आसपास के इलाकों में कई सड़कें टूट गई हैं, ट्रैफिक सिग्नल बंद हो गए हैं और पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगी हुई हैं। प्रभावित क्षेत्रों में सैकड़ों लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं।

 

उकी शहर के एक सामुदायिक केंद्र को अस्थायी राहत शिविर में बदल दिया गया है, जहां करीब 500 लोग, जिनमें बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल हैं, शरण लिए हुए हैं। गौरतलब है कि जापान दुनिया के सबसे अधिक भूकंप प्रभावित देशों में से एक है। यह कई टेक्टोनिक प्लेटों के मिलन बिंदु पर स्थित है, इसलिए यहां अक्सर छोटे-बड़े भूकंप आते रहते हैं। इसी कारण जापान में इमारतें भूकंपरोधी तकनीक से बनाई जाती हैं और लोगों को नियमित रूप से आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाता है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News