चीन कुछ उड़ानें रद्द करने के लिए मजबूर कर रहा : अमेरिकी विमान कंपनियां

punjabkesari.in Wednesday, Jan 12, 2022 - 12:42 PM (IST)

वाशिंगटन, 12 जनवरी (एपी) अमेरिकी विमान कंपनियों ने कहा है कि चीन ने एक दर्जन से अधिक उड़ानों के देश में प्रवेश करने पर रोक लगा दी है। चीन पहले से ही सख्त कोविड-19 यात्रा प्रतिबंधों को और कड़ा कर रहा है।

विमानन क्षेत्र के प्राधिकारियों के अनुसार, दिसंबर के अंत में चीन आने वाली उड़ानों में कुछ यात्रियों में कोविड​​​​-19 की पुष्टि के बाद देश ने उड़ानें रद्द करने का आदेश दिया।

‘अमेरिकन एयरलाइंस’ ने मंगलवार को कहा कि जनवरी के अंत और फरवरी की शुरुआत में डलास-फोर्ट वर्थ से शंघाई के लिए उसकी छह उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। ‘यूनाइटेड एयरलाइंस’ ने कहा कि उसे इस महीने के अंत में सैन फ्रांसिस्को से शंघाई के लिए निर्धारित छह उड़ानों को रद्द करना पड़ा। ‘डेल्टा एयरलाइंस’ ने कहा कि उसने पिछले सप्ताह एक उड़ान रद्द की और इस शुक्रवार को शंघाई के लिए एक और उड़ान रद्द की है।

‘एयरलाइंस फॉर अमेरिका’ ने कहा कि यात्रियों पर कम से कम असर पड़े, इसका रास्ता तलाशने के लिए वह अमेरिका और चीन सरकार के अधिकारियों से बात कर रही है। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन ने अब तक इस घटनाक्रम पर टिप्पणी नहीं की है।

कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए बनाए गए नियमों को लेकर दोनों देशों के बीच विवाद के बीच अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रोका जाना ताजा घटनाक्रम है। फरवरी की शुरुआत में शीतकालीन ओलंपिक की मेजबानी की तैयारी कर रहा चीन हाल में कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी के कारण यात्रा संबंधी पाबंदियों का विस्तार कर रहा है।

चीन किसी विमान में 75 प्रतिशत यात्रियों को ही अनुमति दे रहा है और यात्रा से पहले यात्रियों को जांच भी करानी पड़ती है।
एपी सुरभि सिम्मी सिम्मी 1201 1240 वाशिंगटन

यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News

Related News