फिलीपीनः फैक्ट्री में भीषण आग, 100 घायल

punjabkesari.in Thursday, Feb 02, 2017 - 11:44 AM (IST)

मनीला: फिलीपीन की राजधानी मनीला के दक्षिण में एक बड़ी फैक्ट्री में आग लगने से 3 जापानी नागरिकों समेत 100 से ज्यादा कर्मचारी घायल हो गए और कम से कम 3 कर्मचारी लापता है। आग लगने के बाद सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के लिए हजारों कर्मचारियों में भगदड़ मच गई।  गवर्नर जीसस क्रिस्पिन रेमुला ने बताया कि मनीला के दक्षिणी कैविटे प्रांत के जनरल ट्रायस शहर में स्थित द हाउस टेक्नॉलजी इंडस्ट्रीज मे आग लग गई।

आग पर काबू पा लिया गया है लेकिन आग लगने के करीब 18 घंटे बाद भी उसे पूरी तरह बुझाया नहीं जा सका है। दमकलकर्मियों के आज बाद में फैक्ट्री में घुसने और उसका निरीक्षण करने की संभावना है।  रेमुला ने एबीएस-सीबीएन टीवी न्यूज को बताया कि घायलों में से करीब तीन की हालत गंभीर है। तीन मंजिला इस फैक्ट्री में आग लगने के बाद कुछ कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए खिड़की से कूद गए। इस फैक्ट्री में जापान को निर्यात करने के लिए मकान के पूर्वनिर्मित हिस्से बनाए जाते हैं।

 उन्होंने बताया कि फैक्ट्री के एक हिस्से में एक मशीन के अत्यधिक गर्म हो जाने के कारण आग लगी। हादसे के समय फैक्ट्री में काम करने वाले कुल 15 हजार कर्मचारियों में से करीब एक तिहाई कर्मचारी काम कर रहे थे।  वर्ष 2015 में उत्तरी मनीला के उपनगर में रबड़ की चप्पल बनाने वाली एक फैक्ट्री में आग लगने से 72 लोगों की मौत हो गई थी। इससे पहले वर्ष 1996 में एक डिस्को में आग लगने से 162 लोग मारे गए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News