शिविरों में भुखमरी का सामना कर रहे लोगों पर हमला, दो दिन में 100 से अधिक लोगों की मौत
punjabkesari.in Sunday, Apr 13, 2025 - 05:42 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः सूडान के कुख्यात अर्धसैनिक समूह ने दारफुर क्षेत्र में विस्थापित लोगों के शिविरों पर दो दिन तक हमला किया, जिसमें 20 बच्चों और नौ सहायता कर्मियों सहित 100 से अधिक लोग मारे गए। संयुक्त राष्ट्र के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सूडान में संयुक्त राष्ट्र की रेजिडेंट और मानवीय समन्वयक क्लेमेंटाइन नक्वेता-सालमी ने बताया कि रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (आरएसएफ) और संबद्ध लड़ाकों ने शुक्रवार को जमजम और अबू शोरौक शिविरों और उत्तरी दारफुर प्रांत की प्रांतीय राजधानी अल-फशर के निकटवर्ती शहर पर आक्रमण किया। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार अल-फशर सेना के नियंत्रण में है। सेना दो वर्ष पहले सूडान में गृहयुद्ध छिड़ने के बाद से आरएसएफ के खिलाफ लड़ रही है। यह सूडान में पिछले दो वर्षों से जारी संघर्ष के दौरान बेघर लोगों और राहतकर्मियों पर हो रहे क्रूर हमलों में अस्वीकार्य बढ़ोतरी है।
इस संघर्ष में 24,000 से अधिक लोग मारे गए हैं। हालांकि कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह संख्या कहीं अधिक हो सकती है। एनक्वेटा-सालमी ने एक बयान में कहा कि शनिवार को शिविरों पर फिर से हमला किया गया। उन्होंने बताया कि हमले में जमजम शिविर में मौजूद नौ सहायता कर्मियों की भी मौत हो गई।