आसमान में फिर हड़कंप; ''मेरे पास बम है...'' चिल्लाते हुए कॉकपिट में घुसा यात्री, पायलट ने भेजा हाईजैक अलर्ट

punjabkesari.in Thursday, Nov 12, 2026 - 07:16 PM (IST)

Washington: अमेरिका में हवाई यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। न्यू जर्सी के नेवार्क से लुइसियाना जा रही यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट में एक यात्री ने कथित तौर पर बम होने की धमकी दी और कॉकपिट में जबरन घुसने की कोशिश की। घटना के बाद विमान में अफरा-तफरी मच गई। अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी (आईसीई) के अनुसार, इस घटना के चलते हाईजैक अलर्ट जारी किया गया। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

 

उड़ते विमान में दी बम की धमकी
फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 2174 सोमवार रात न्यू जर्सी के नेवार्क से न्यू ऑरलियन्स जा रही थी। इसी दौरान यात्री रोनी अलेक्जेंडर गोमेज-अल्बर्टो ने कथित तौर पर विमान में बम होने का दावा किया और कॉकपिट की ओर जबरन घुसने की कोशिश की। विमान में उस समय 46 यात्री और चालक दल के छह सदस्य मौजूद थे। आरोपी की इस हरकत के बाद विमान की सुरक्षा को लेकर गंभीर स्थिति पैदा हो गई। ICE ने बताया कि यात्री की कथित हरकत के कारण हाईजैक अलर्ट जारी हुआ। हालांकि, विमान के पायलटों ने औपचारिक रूप से हाईजैक घोषित किया था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यूनाइटेड एयरलाइंस ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि विमान में एक यात्री ने बाधा उत्पन्न करने वाली हरकत की थी।

 

हालांकि, विमान सुरक्षित रूप से न्यू ऑरलियन्स के लुइस आर्मस्ट्रांग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतर गया। वहां स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारी पहले से मौजूद थे। विमान के गेट पर पहुंचते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ आतंकित करने और आगजनी की योजना के बारे में झूठी जानकारी देने के आरोप लगाए गए हैं। प्रत्येक मामले में 5 लाख डॉलर का बांड निर्धारित किया गया है। इसके अलावा, उसे भगोड़े के रूप में भी हिरासत में रखा गया है, जिसके लिए कोई जमानत राशि निर्धारित नहीं की गई है। गिरफ्तारी के बाद आईसीई ने आरोपी के खिलाफ हिरासत संबंधी औपचारिक आदेश भी जारी किया।

 

दो बार अमेरिका से  निकाला जा चुका आरोपी
अमेरिका के गृह सुरक्षा विभाग के मुताबिक, आरोपी गोमेज-अल्बर्टो होंडुरास का नागरिक है। उसका पहले भी आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा रिकॉर्ड रहा है। इसमें बम की धमकी देने, आतंकित करने की धमकी देने और सार्वजनिक अव्यवस्था फैलाने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी का आव्रजन नियमों के उल्लंघन का भी लंबा इतिहास रहा है। उसे दो अलग-अलग मौकों पर अमेरिका से निर्वासित किया जा चुका है और तीन बार गिरफ्तार किया गया है। इसके बावजूद जनवरी 2020 में एक आव्रजन न्यायाधीश ने उसे आगे की निर्वासन प्रक्रिया पूरी होने तक आईसीई की हिरासत से रिहा करने का आदेश दिया था।

 

इस घटना के पीछे आरोपी का मकसद क्या था, अधिकारियों ने अभी तक इसका खुलासा नहीं किया है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि उसका न्यू ऑरलियन्स से कोई संबंध था या वह किसी विशेष उद्देश्य से वहां जा रहा था। जांच एजेंसियों ने यह भी नहीं बताया है कि आरोपी कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल हुआ था या नहीं और विमान में मौजूद यात्रियों तथा चालक दल के सदस्यों ने किस तरह स्थिति को संभाला। घटना में किसी के घायल होने की भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। 
  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News