Florida Plane Crash में टेक टाइकून, पत्नी और 2 मासूम बच्चों की मौत, दोस्तों के साथ कर रहे थे सफर, 10 मिनट पहले भेजा मैसेज
punjabkesari.in Tuesday, Nov 03, 2026 - 07:47 AM (IST)
फ्लोरिडा : अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित पाम बीच काउंटी में रविवार दोपहर एक बड़ा और भयानक विमान हादसा हो गया। ऑस्टिन (टेक्सास) से बहामास की ओर जा रहा एक प्राइवेट जेट 'लियरजेट 60' (Learjet 60) हाईवे पर गिरकर जोरदार धमाके के साथ दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) इस पूरे हादसे की गहन जांच कर रहा है। शुरुआती जांच में मौसम की खराबी, पंखों पर बर्फ जमने, हवा के तेज झटकों (टर्बुलेंस) या मानवीय भूल जैसे पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है।
हादसे में जान गंवाने वाले 9 लोगों की जानकारी....
इस हादसे का शिकार हुए मुख्य यात्रियों में टेक्सास के प्रसिद्ध टेक कारोबारी एडम रॉबिन्सन, उनकी पत्नी हेलेन शार्प और उनके दो मासूम बच्चे (जिनकी उम्र 4 साल और 2 साल थी) शामिल हैं।
एडम 'RB2B' और 'Retention.com' जैसी टेक कंपनियों के संस्थापक व सीईओ (CEO) थे। इसके अलावा वे 'Moltsets' का भी नेतृत्व कर रहे थे। उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में विश्व प्रसिद्ध वित्तीय संस्थानों जैसे 'लेहमैन ब्रदर्स' और 'बार्कलेज' के साथ काम किया था। एडम की पत्नी हेलेन एक कुशल कलाकार (Artist) थीं। उनके पिता डडली शार्प ने मीडिया को बताया कि इस विमान में उनकी बेटी, दामाद और दो मासूम पोते-पोतियां सवार थे। परिजनों ने एक भावुक संदेश जारी कर दोनों को बेहद समर्पित माता-पिता बताया और कहा कि बच्चे उनकी दुनिया थे।
रेचल रीड, चार्मी फेहर और अनीता मारिया सेटीना
इस हादसे में तीन अन्य यात्री - रेचल रीड, चार्मी फेहर और अनीता मारिया सेटीना - की भी मौत हो गई। परिवार के बयान में रीड और फेहर को "खुशियों और रोमांच से भरपूर" बताया गया है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि रॉबिन्सन और शार्प के साथ उनका क्या रिश्ता था। वहीं, सेतिना के बारे में कहा जाता है कि वह इस जोड़े के बच्चों की बहुत प्यार और लगन से देखभाल करती थीं और उन्हें परिवार का ही एक हिस्सा माना जाता था।
पायलट जेफ ग्रेगरी और को-पायलट नथालिया फिल्गुएरास
मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र और CBS को मिले फ्लाइट मैनिफेस्ट के अनुसार, विमान के पायलट की पहचान 55 वर्षीय जेफ ग्रेगरी के रूप में हुई है। ईस्ट कोस्ट जेट्स, एक प्राइवेट चार्टर कंपनी जहाँ ग्रेगरी पहले काम करते थे, ने उनकी मौत की पुष्टि की है और इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है।
एयर ट्रैफिक कंट्रोल के ऑडियो में, एक प्राइवेट 'लियरजेट 60' विमान के जमीन पर गिरने से ठीक पहले के घबराहट भरे पल रिकॉर्ड हुए हैं। ऑडियो में 4:24 मिनट पर को-पायलट ग्रेगरी को प्रार्थना करते हुए सुना जा सकता है: "हे हमारे पिता, जो स्वर्ग में हैं, आपका नाम पवित्र माना जाए।"
अमेरिकी मीडिया ने को-पायलट की पहचान 20 वर्षीय नथालिया फिल्गुएरास के रूप में की है, जिन्होंने 17 साल की उम्र में ही अपना पायलट लाइसेंस हासिल कर लिया था। उनकी मां कैमिला कॉर्टेलेटी ने उनकी मौत की पुष्टि की और बताया कि उनकी बेटी को उड़ान भरने का कितना शौक था। उन्होंने कहा, "उसे आज़ादी बहुत पसंद थी। ऊपर से दुनिया को देखना बिल्कुल अलग अनुभव होता था।"
2023 में CBS न्यूज़ की एक स्थानीय शाखा को दिए गए इंटरव्यू में, फिल्गुएरास ने बताया था कि उन्होंने हाई स्कूल में पढ़ाई के दौरान ही अपना पायलट लाइसेंस हासिल कर लिया था। फ्लोरिडा में लियरजेट विमान के क्रैश होने से ठीक 10 मिनट पहले, को-पायलट नथालिया गाडेल्हा फिल्गुएरास ने अपने बॉयफ्रेंड (जो खुद भी एक पायलट हैं) को एक परेशान करने वाला मैसेज भेजा था, "मुझे टर्बुलेंस (हवा के तेज़ झटके) का सामना करना पड़ रहा है, और विमान पर बर्फ जम रही है।"
नथालिया के सौतेले पिता, थियागो कॉर्टेलेटी ने 'न्यूयॉर्क पोस्ट' के साथ यह मैसेज साझा किया। उन्होंने बताया कि नथालिया ने 1 नवंबर को दोपहर लगभग 12:40 बजे यह मैसेज भेजा था। दोपहर लगभग 12:50 बजे, लियरजेट 60 विमान पाम बीच काउंटी में क्रैश हो गया। इस हादसे में नथालिया और विमान में सवार आठ अन्य लोगों की मौत हो गई। NTSB दुर्घटना से जुड़ी परिस्थितियों की अपनी जांच जारी रखे हुए है।
