अरुणाचल बार्डर पर भारत के खिलाफ साजिश की तैयारी में चीन! पाकिस्तानी विदेश मंत्री को भी भेजा निमंत्रण
punjabkesari.in Tuesday, Oct 03, 2023 - 05:23 PM (IST)

इस्लामाबाद: भारत के अरुणाचल प्रदेश की सीमा के करीब चीन 4-5 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के लिए तीसरे ट्रांस-हिमालयन फोरम की बैठक करने के लिए तैयार है जिसमें उसका दोस्त पाकिस्तान भी शामिल होगा। पाकिस्तान के अंतरिम विदेश मंत्री जलील अब्बास जिलानी तिब्बत में आयोजित होने वाले इस तीसरे ट्रांस-हिमालय फोरम फॉर इंटरनेशनल कोऑपरेशन में भाग लेने के लिए चीन की यात्रा करेंगे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक फोरम की बैठक तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र के ल्हासा से 400 किलोमीटर पूर्व में स्थित निंगची में आयोजित होने वाली है। यह स्थान अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सियांग जिले के उत्तर में, और बहुत करीब स्थित है।
पाकिस्तान की सरकारी समाचार एजेंसी APP ने सोमवार को विदेश कार्यालय के हवाले से बताया, ‘‘विदेश मंत्री चीन के विदेश मंत्री वांग यी के विशेष आमंत्रण पर यह यात्रा कर रहे हैं।'' खबर में कहा गया है कि ट्रांस-हिमालय फोरम की शुरुआत 2018 में भौगोलिक सम्पर्क, पर्यावरण संरक्षण, पारिस्थितिकी संरक्षण और सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ाने सहित विभिन्न विषयों पर क्षेत्र के देशों के बीच व्यावहारिक सहयोग मजबूत करने के लिए की गई थी।
अरुणाचल सीमा के करीब यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब चीन और भारत के बीच तनावपूर्ण संबंध हैं। दोनों देशों के बीच लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर गतिरोध बना हुआ है। माना जा रहा है कि चीन इस बैठक में पाकिस्तान के साथ मिलकर भारत विरोधी साजिश बना सकता है। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने हालिया सार्वजनिक बयानों में कहा है कि जून 2020 में गलवान घाटी में झड़प के बाद से भारत-चीन संबंध "असामान्य" रहे हैं, जिसमें 20 भारतीय सैनिकों की जान चली गई थी।
फोरम के सदस्य देशों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में आखिरी बैठक 2019 में चीन में कोविड-19 महामारी फैलने और दुनिया भर में लॉकडाउन लगने से पहले आयोजित की गई थी। इस वर्ष फोरम का विषय ‘‘पारिस्थितिक सभ्यता और पर्यावरण संरक्षण'' है। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने एक बयान में कहा कि विदेश मंत्री जिलानी ट्रांस-हिमालय फोरम के उद्घाटन समारोह को संबोधित करेंगे। इस मौके पर वह मंगोलिया के उप प्रधानमंत्री, चीन के विदेश मंत्री और अफगानिस्तान के अंतरिम विदेश मंत्री सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात करेंगे।