Pakistan Army: बरखान में सेना का बड़ा ऑपरेशन: मेजर समेत 5 जवान शहीद, 7 आतंकवादी ढेर

punjabkesari.in Friday, May 15, 2026 - 09:13 AM (IST)

Pakistan Army: बलूचिस्तान के बरखान ज़िले में पाकिस्तान सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। सेना की मीडिया शाखा ISPR के अनुसार, नोशाम इलाके में हुए इस संयुक्त ऑपरेशन में एक मेजर सहित 5 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हो गई, जबकि 7 आतंकवादियों को मार गिराया गया।

जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई पाकिस्तानी सेना और बलूचिस्तान फ्रंटियर कोर ने मिलकर की। सुरक्षा एजेंसियों को इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद सर्च और क्लियरेंस ऑपरेशन शुरू किया गया।

ऑपरेशन के दौरान दोनों पक्षों के बीच भारी गोलीबारी हुई। सेना ने दावा किया कि मारे गए आतंकवादियों के पास से हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। हालांकि, मुठभेड़ में सेना को भी बड़ा नुकसान उठाना पड़ा और एक फील्ड ऑफिसर समेत 5 जवान मारे गए।

पिछले कुछ महीनों में बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों ने कई बड़े अभियान चलाए हैं। मार्च में हरनाई और बासीमा क्षेत्रों में हुई कार्रवाई में 15 आतंकवादी मारे गए थे। वहीं फरवरी में ज़ोब जिले में एक अलग ऑपरेशन के दौरान 10 उग्रवादियों को ढेर किया गया था।

बलूचिस्तान लंबे समय से हिंसा और विद्रोह से प्रभावित क्षेत्र रहा है। यहां सक्रिय उग्रवादी संगठन अक्सर सुरक्षा बलों, सरकारी प्रतिष्ठानों और विकास परियोजनाओं को निशाना बनाते हैं। पाकिस्तान सरकार इन हमलों के लिए मुख्य रूप से बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) को जिम्मेदार ठहराती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News