पाकिस्तान में 11 साल का बच्चा अचानक लापता, पिता ने जिन्न के खिलाफ दर्ज कराई अपहरण की FIR !
punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 04:43 PM (IST)
Islamabad : पाकिस्तान के रावलपिंडी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपने 11 वर्षीय बेटे के लापता होने के पीछे जिन्न (अलौकिक शक्तियों) का हाथ बताते हुए पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना टैक्सिला थाना क्षेत्र की है। बच्चा 21 जनवरी को घर से अचानक लापता हो गया था। करीब 10 दिन तक उसका कोई सुराग न मिलने के बाद पिता ने पुलिस से शिकायत की। FIR में पिता ने दावा किया है कि जिन्न उनके बेटे को जबरदस्ती अपने साथ ले गए हैं।
उनका कहना है कि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी कथित तौर पर जिन्न कई बार बच्चे को ले जा चुके हैं, हालांकि हर बार कुछ समय बाद वह वापस लौट आया था।इस मामले के सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वहीं पुलिस ने कहा है कि वह बच्चे की तलाश कर रही है और मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी भी अलौकिक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और बच्चे के लापता होने के पीछे अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बरतने की अपील की है।
