खामेनेई की मौत से भड़का पाकिस्तान, अमेरिकी दूतावास के बाहर की जमकर तोड़फोड़

punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2026 - 01:07 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क : ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई के मौत की खबर सामने आने के बाद पाकिस्तान के कराची शहर में लोगों ने अमेरिकी दूतावास के बाहर जमकर तोड़फोड़ और आगजनी की। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रविवार को माई कोलाची रोड स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास प्रदर्शन हिंसक रूप ले गया, जिसमें प्रदर्शनकारियों और कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाले अधिकारियों के बीच झड़प हुई।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को तेहरान में संयुक्त अमेरिकी और इजरायली हवाई हमलों के दौरान खामेनेई की मौत की खबर आई। इस खबर ने कराची में लोगों के बीच गुस्सा भड़का दिया। आयातुल्लाह खामेनेई 1989 में आयातुल्लाह रुहोल्लाह खुमैनी के निधन के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता बने थे और तीन दशक से अधिक समय तक उन्होंने देश का नेतृत्व किया।

पुलिस ने की कार्रवाई, कई लोग घायल

स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। इस दौरान कई लोग घायल हुए। घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से कराची के सिविल अस्पताल में ले जाया गया। सिंध के गृह मंत्री जियाउल हसन लांजर ने कराची के अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक आजाद खान से घटना की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी है और हालात पर नजर बनाए हुए है।

इस घटना से पाकिस्तान में खामेनेई की मौत को लेकर गुस्से और तनाव का माहौल साफ दिखाई दे रहा है। नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News