पाकिस्तान ने चुनाव में कथित धांधली की जांच का अमेरिका का सुझाव किया खारिज

punjabkesari.in Saturday, Mar 02, 2024 - 01:19 PM (IST)

वाशिंगटन: पाकिस्तान ने आठ फरवरी को हुए आम चुनाव में अनियमितताओं की जांच कराने के अमेरिका के सुझाव को खारिज करते हुए कहा कि वह किसी बाहरी देश के आदेश के आगे नहीं झुकेगा। पाकिस्तानी विदेश कार्यालय की प्रवक्ता मुमताज जहरा बलूच ने शुक्रवार को अपने साप्ताहिक प्रेस संबोधन में कहा, ‘‘कोई भी देश स्वतंत्र और संप्रभु देश पाकिस्तान को निर्देश नहीं दे सकता।'' ‘डॉन न्यूज' ने बलूच के हवाले से कहा, ‘‘हम पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के बारे में फैसला करने के अपने संप्रभु अधिकार में यकीन रखते हैं।''

 

बलूच ने विवादों से घिरे आम चुनाव में कदाचार के आरोपों के संबंध में अपने अमेरिकी समकक्ष की टिप्पणियों के जवाब में यह बयान दिया। इस सप्ताह की शुरुआत में अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने कहा था कि हस्तक्षेप या धोखाधड़ी के किसी भी दावे की ‘‘पाकिस्तानी कानून और प्रक्रियाओं के अनुसार पूर्ण तथा पारदर्शी तरीके से जांच की जानी चाहिए।''

 

मिलर ने यह भी कहा था, ‘‘कथित अनियमितताओं की जांच के संबंध में, हम उन जांच को आगे बढ़ते देखना और जल्द से जल्द खत्म होते देखना चाहते हैं।'' यह टिप्पणी उन आरोपों पर आई जिनमें जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने चुनाव नतीजों में छेड़छाड़ की शिकायत की है। पाकिस्तान के निर्वाचन आयोग द्वारा अभूतपूर्व देरी के बाद चुनाव नतीजों की घोषणा की गई थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News