POK में पाक सेना का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, सभी सैनिकों की मौत
punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 10:05 PM (IST)
नेशनल डेस्क : पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में मुजफ्फराबाद के निकट पाकिस्तान आर्मी एविएशन के एक एमआई-17 हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार सभी कर्मियों की मौत हो गई। सेना ने यह जानकारी दी। पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा 'इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस' (आईएसपीआर) ने एक बयान में कहा, ''इस हादसे में कोई भी जीवित नहीं बच पाया।'' इसने हालांकि मृतकों की संख्या नहीं बताई।
बयान के अनुसार यह दुर्घटना हेलीकॉप्टर के ''उड़ान भरते समय तकनीकी खराबी के कारण'' हुई। बयान में कहा गया है कि बचाव और राहत दल तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए। दुर्घटना के वास्तविक तकनीकी कारण का पता लगाने के लिए एक 'बोर्ड ऑफ इन्क्वायरी' का आदेश दिया गया है। राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और नेशनल असेंबली के अध्यक्ष सरदार अयाज सादिक ने इस दुर्घटना पर गहरा दुःख और शोक व्यक्त किया।
आईएसपीआर ने कहा कि सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और सेना के अधिकारियों ने ''लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया और शोक-संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना प्रकट की''। सितंबर 2025 में गिलगित-बाल्टिस्तान के डायमर जिले में ''तकनीकी खराबी'' के कारण सेना का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था जिसमें पांच कर्मियों की मौत हो गई थी। अगस्त 2025 में खैबर पख्तूनख्वा सरकार का एक हेलीकॉप्टर मोहमंद जिले में खराब मौसम के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें दो पायलट और चालक दल के तीन सदस्यों की मौत हो गई थी।
