एक चिंगारी बनी महाविनाशःआग की लपटों में 100 से ज्यादा घर राख, सैंकड़ों लोग रातों-रात बेघर (Video)

punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 07:03 PM (IST)

International Desk: दक्षिणी नॉर्वे के ड्रामेन (Drammen) शहर में शुक्रवार को लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि 100 से अधिक घर जलकर खाक हो गए और सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत या लापता होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से हुए नुकसान का दायरा काफी बड़ा बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आग शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे ड्रामेन शहर की एक इमारत में लगी थी। तेज हवाओं और शुष्क परिस्थितियों के कारण आग ने देखते ही देखते आसपास के रिहायशी इलाकों और नजदीकी जंगलों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

 

आग फैलने के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के इलाकों को खाली कराया। सैकड़ों लोगों को निकासी केंद्र (Evacuation Centre) में पहुंचाया गया, जहां उनके रहने, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई। स्थानीय प्रशासन लगातार प्रभावित परिवारों की सहायता में जुटा हुआ है। दमकल विभाग की कई टीमें पूरी रात आग बुझाने में लगी रहीं। शनिवार सुबह तक भी कई स्थानों पर आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। अधिकारियों का कहना है कि आग पर नियंत्रण पाने के लिए अतिरिक्त दमकल वाहन और बचाव दल तैनात किए गए हैं।

 

पुलिस ने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और यह जांच की जा रही है कि आग किसी तकनीकी खराबी, मानवीय लापरवाही या अन्य कारणों से लगी। ड्रामेन शहर नॉर्वे की राजधानी ओस्लो से लगभग 34 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। यह एक प्रमुख आवासीय और औद्योगिक क्षेत्र माना जाता है। आग की इस घटना ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News