ईरान जिसे भी सुप्रीम लीडर चुनेगा उसका 'खात्मा' हमारा लक्ष्य, इजराइली रक्षा मंत्री ने दे डाली खुली धमकी
punjabkesari.in Wednesday, Mar 04, 2026 - 11:15 PM (IST)
इंटरनेशनल डेस्कः इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने चेतावनी दी कि ईरान जिसे भी देश का अगला सर्वोच्च नेता चुनेगा, उसका ''खात्मा'' यहूदियों का लक्ष्य होगा। काट्ज की यह टिप्पणी उस दिन आई जब ईरान 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद दूसरी बार अपने सर्वोच्च नेता का चुनाव करने जा रहा है। अमेरिका-इजराइल के संयुक्त हमलों में शनिवार को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी, जिसके बाद इस्लामी राष्ट्र ने रविवार को बदला लेने की कसम खाई।
काट्ज ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''इजराइल को नष्ट करने, अमेरिका और आजाद दुनिया तथा क्षेत्र के अन्य देशों को धमकाने और ईरानी जनता को दबाने की साजिश को जारी रखने तथा उसका नेतृत्व करने के लिए ईरान के आतंकी शासन द्वारा नियुक्त किए गए हर नेता का 'खात्मा' स्पष्ट रूप से हमारा लक्ष्य होगा।''
इजराइली रक्षा मंत्री ने जोर देकर कहा, ''यह मायने नहीं रखता कि उसका नाम क्या है या वह कहां छिपा है।'' उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री और मैंने इजराइली रक्षा बलों (आईडीएफ) को ऑपरेशन 'लायंस रोर' के उद्देश्यों के अभिन्न अंग के रूप में मिशन को अंजाम देने के लिए तैयार रहने और हर तरीके से कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।''
इस बीच इजराइली रक्षा बलों (आईडीएफ) ने घोषणा की कि उन्होंने बुधवार सुबह तेहरान में अपने दसवें चरण के हमले शुरू कर दिए हैं। इजराइली सेना ने कहा, ''वायुसेना ने अब तेहरान में ईरानी आतंकी शासन के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाते हुए व्यापक हमले शुरू कर दिए हैं।'' काट्ज ने कहा कि इजराइल अपने अमेरिकी सहयोगियों के साथ मिलकर ईरानी शासन की क्षमताओं को कुचलने और ईरानी लोगों के लिए इसे उखाड़ फेंकने और इसकी जगह नया शासन स्थापित करने के लिए परिस्थितियां बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करना जारी रखेगा।
