Covid 19: न्यूजीलैंड में 6 माह बाद फिर मौत दर्ज, श्रीलंका व द.कोरिया ने बढ़ाया लॉकडाऊन

punjabkesari.in Saturday, Sep 04, 2021 - 12:07 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः कोरोना का नया डेल्टा संक्रमण कई देशों में कहर मचा रहा है। कोरोना मुक्त हो चुके न्यूजीलैंड में  भी फिर से  महामारी  ने पैर पसराने शुरू कर दिए। शनिवार को यहां पिछले छह महीने में पहली कोविड से संबंधित मौत दर्ज की गई। हालांकि स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि  अत्यधिक संक्रामक डेल्टा संस्करण का प्रकोप नियंत्रण में आ रहा है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात ऑकलैंड के एक अस्पताल में वेंटिलेटर या गहन देखभाल सहायता नहीं मिलने से एक कोरोना पीड़ित महिला की मृत्यु हो गई।  वह न्यूजीलैंड में कोविड -19 के साथ मरने वाली 27 वीं मरीज हैं और इस साल 16 फरवरी के बाद देश में यह पहली  मौत दर्ज की गई हैं।

अधिकारियों ने कहा कि  न्यूजीलैंड के  लगभग 1.7 मिलियन की आबादी वाले सबसे बड़े शहर ऑकलैंड में   महिला  का एक ऐसे व्यक्ति  से घरेलू संपर्क था  जो कोरोना पॉजीटिव था। अगस्त के मध्य में छह महीने में पहले स्थानीय रूप से प्रसारित मामले का पता चलने के बाद से न्यूजीलैंड  इस वायरस प्रकोप से जूझ रहा है। महामारी के चलते देश में पांच मिलियन लोगों को लॉकडाउन में डाल दिया गया है।  देश में  पिछले कुछ माह  में कोरोना के 782 मामले दर्ज किए गए हैं। ऑकलैंड में सबसे अधिक मामले सामने आने कारण यहां सख्त प्रतिबंध लगाए गए हैं जबकि देश के बाकी हिस्सों में प्रतिबंधों में ढील दी गई है।

गौरतलब है कि न्यूजीलैंड की कोरोनावायरस महामारी को लेकर अपनाए गए सख्त स्टैंड की वजह से इसने वायरस को स्थानीय तौर पर फैलने से रोक दिया है।  यही वजह है कि देश के नागरिक बिना किसी प्रतिबंध के कहीं भी आ जा सकते हैं।  हालांकि अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को बड़े स्तर पर बंद करके रखा गया है। अभी तक न्यूजीलैंड में करीब 2500 लोगों की कोरोना से  संक्रमित होने की पुष्टि हुई है और 27 लोगों की मौत हुई है।

 

श्रीलंका में 13 सितंबर तक बढ़ाया गया लॉकडाउन
श्रीलंका में कोविड-19 से मौत के बढ़ते मामलों और कोरोना वायरस संक्रमण की तीसरी लहर के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों पर बढ़ते दबाव के बीच देशव्यापी लॉकडाउन 13 सितंबर तक बढ़ा दिया गया है। श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने 20 अगस्त को 10 दिन के लॉकडाउन की घोषणा की थी। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को राष्ट्रपति गोटबाया के साथ कोविड कार्यबल की बैठक के बाद लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला किया गया।  साल 2020 में महामारी की शुरुआत के बाद से देश में संक्रमण के 447,000 से अधिक मामले आए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के स्थानीय विशेषज्ञों के स्वतंत्र समूह ने पिछले सप्ताह कहा था कि लगभग 90 प्रतिशत नमूनों में घातक डेल्टा स्वरूप की पुष्टि हुई है। समूह ने बताया कि लॉकडाउन का विस्तार करने से उनके अनुमान से 7,500 से 10,000 लोगों की जान बचाने में मदद मिलेगी।

 

दक्षिण कोरिया में पांबंदिया अगले महीने तक बढ़ायी गईं
दक्षिण कोरिया कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर राजधानी के अधिकतर हिस्से में अगले महीने तक पाबंदियों को बढ़ाएगा। दक्षिण कोरिया के स्वास्थ्य मंत्री क्वोन देओक-चेओल ने शुक्रवार को माना कि वायरस को रोकने के लिए लंबे समय से चल रही पाबंदियों के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है लेकिन उन्होंने कहा कि संक्रमण इतनी तेजी से फैल रहा है कि वह ‘‘खतरनाक'' स्तर पर पहुंच गया है जिससे अधिकारियों के लिए पाबंदियों में ढील के बारे में सोचना मुश्किल है। कोरिया रोग नियंत्रण एवं रोकथाम एजेंसी ने कोविड-19 के 1709 नए मामले दर्ज किए हैं जो लगातार 59वें दिन 1000 से अधिक है। देश में 5.1 करोड़ से अधिक लोगों का पूर्ण टीकाकरण हुआ है जो कुल आबादी का 38 प्रतिशत है।

 

 पाकिस्तान में मृतक संख्या 26,000 के पार 
 पाकिस्तान में शुक्रवार को कोविड-19 से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 26,000 के पार चली गई। वहीं, देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 3,787 नए मामले सामने आए। राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, देश में कोविड-19 के अभी तक कुल 1,171,578 मामले सामने आए हैं और संक्रमण से कुल 26,035 लोगों की मौत हुई है। देश में 26 फरवरी 2020 को संक्रमण का पहला मामला सामने आया था। पाकिस्ताान में कोविड-19 से मृत्यु दर 2.2 प्रतिशत है। देश में कुल 1,055,467 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जो कुल मामलों का 90 प्रतिशत से अधिक है।

 

पाक में अभी 88,076 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 7.5 प्रतिशत है। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 59,745 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच के बाद 3,787 नए मामले सामने आए। देश में संक्रमण दर 6.34 प्रतिशत है। इस अवधि में 6,595 लोग संक्रमण मुक्त भी हुए। मंत्रालय ने बताया कि देश में टीकाकरण अभियान भी अच्छी गति से चल रहा है और अभी तक करीब 5.8.1 करोड़ लोगों को कोविड-19 रोधी टीके की खुराक दी गई है। पिछले 24 घंटे में ही 13.8 लाख खुराक दी गई। पाकिस्ताान में कोविड-19 वैश्विक महामारी की चौथी लहर की आशंका की तैयारी के बीच बुधवार को टीके की रिकॉर्ड 15.90 लाख खुराक दी गई थी। सरकार के टीका ना लगवाने वाले लोगों पर कई प्रतिबंध लगाने और 17 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों लिए टीकाकरण शुरू करने के बाद टीकाकरण दर में वृद्धि दर्ज की गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News