अफगानिस्तान में लगभग 80 स्कूल छात्राओं को दिया गया जहर
punjabkesari.in Monday, Jun 05, 2023 - 11:37 AM (IST)

काबुल: ईरान के बाद अब अफगानिस्तान में भी लड़कियों को जहर देने की घटना सामने आई है। उत्तरी अफगानिस्तान में दो अलग-अलग घटनाओं में प्राथमिक विद्यालयों की 80 लड़कियों को जहर दे दिया गया, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक स्थानीय शिक्षा अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। ऐसा माना जा रहा है कि अगस्त 2021 में तालिबान के सत्ता में आने और अफगान महिलाओं और लड़कियों के अधिकारों तथा स्वतंत्रता पर नियंत्रण करने के बाद से इस तरह का यह पहला मामला है।
अफगानिस्तान में अगस्त 2021 में तालिबान के काबिज होने के बाद लड़कियों को जहर दिए जाने का यह पहला मामला है। इससे पहले अफागानिस्तान में 2015 में भी लड़कियों को जहर दिया गया था, हालांकि तब तालिबान सत्ता में नहीं था। वो घटना हेरात प्रांत की थी, जहां 600 स्कूली लड़कियों को जहर दिया गया था। हैरत की बात यह है कि अफगानी लड़कियों को जहर देने वालों का पता नहीं चला, दोनों घटनाओं में किसी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली।
कई मानवाधिकार संगठन इन घटनाओं में तालिबान का हाथ बता रहे हैं, क्योंकि तालिबान का रवैया महिलाओं को लेकर बेहद सख्त रहा है और, अफगानिस्तान की सत्ता में आने के बाद तो तालिबान ने ऐसे-ऐसे फैसले लिए हैं कि यूएन (संयुक्त राष्ट्र) भी उसे नहीं रोक पा रहा। देश के कई इलाकों में तालिबान ने यूएन के मिशन में काम करने वाली महिलाओं पर भी पाबंदियां लगा दी हैं। देश में लड़कियों के छठी कक्षा से आगे पढ़ाई करने पर प्रतिबंध है। शिक्षा अधिकारी ने विस्तृत जानकारी नहीं देते हुए कहा कि जहर देने वाले व्यक्ति की निजी रंजिश थी। ये घटनाएं सर-ए-पुल प्रांत में शनिवार और रविवार को हुईं।