पाकिस्तान का लापता सामाजिक कार्यकर्ता घर पहुंचा

punjabkesari.in Saturday, Jan 28, 2017 - 06:32 PM (IST)

इस्लामाबाद:तीन सप्ताह पहले लापता हुए एक पाकिस्तानी प्रोफेसर एवं जाने माने सामाजिक कार्यकर्ता सलमान हैदर घर लौट आए हैं।जियो न्यूज ने पुलिस अधिकारियों के हवाले से आज बताया कि फातिमा जिन्ना विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एवं सामाजिक कार्यकर्ता सलमान तीन सप्ताह लापता रहने के बाद कल देर रात घर लौट आए।

वह छह जनवरी को अपने दोस्तों के साथ बानी गाला क्षेत्र गए थे और उसके बाद से ही लापता थे।प्रोफेसर के भाई जीशान हैदर ने बताया कि सलमान ने अपनी पत्नी से कहा था कि वह रात आठ बजे तक घर लौट आएंगे।जब वह रात 10 बजे तक नहीं लौटे तो पत्नी ने उन्हें फोन लगाया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

जीशान ने बताया कि बाद में सलमान के फोन से पत्नी के पास एक संदेश आया जिसमें कराल चौक से उनकी कार उठवा लेने को कहा गया था।पुलिस ने उक्त पते से कार तो बरामद कर ली लेकिन सामाजिक कार्यकर्ता का कुछ पता नहीं चला, जिसके बाद उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कर ली गई। उनके अलावा इस माह तीन और सामाजिक कार्यकर्ता वकास गोराया,असीम सईद और अहमद रजा नसीर लापता हो चुके हैं। इन लोगों पर ईशनिंदा को बढ़ावा देने के आरोप हैं।एक संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार विशेषज्ञ ने 12 जनवरी को पाकिस्तानी अधिकारियों से लापता चारों सामाजिक कार्यकर्ताओं की तलाश को शीर्ष प्राथमिकता देने की मांग की थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News