मेक्सिको में 136 करोड़ का इनामी ड्रग तस्कर ढेर ! गुस्साए समर्थकों ने लाशों के लगा दिए ढेर और दर्जनों बैंक फूंके
punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 12:08 PM (IST)
International Desk: मेक्सिको में देश के सबसे खतरनाक ड्रग माफिया सरगना Nemesio Oseguera Cervantes उर्फ ‘एल मेंचो’ की मौत के बाद देश हिंसा की आग में जल उठा है। BBC की रिपोर्ट के मुताबिक उसके समर्थकों ने 20 राज्यों में व्यापक हिंसा फैला दी।कई शहरों में रोडब्लॉक लगाए गए, वाहनों को आग के हवाले किया गया और 20 से ज्यादा सरकारी बैंक शाखाओं में तोड़फोड़ व आगजनी की गई। अलग-अलग इलाकों में कम से कम 32 लोगों की मौत हुई, जिनमें 25 सैनिक शामिल हैं।
Mexico's most wanted drug lord 'El Mencho' killed in military operation
— WION (@WIONews) February 23, 2026
Nemesio Oseguera Cervantes, known as "El Mencho", died as he was being taken to Mexico City, after being seriously injured in clashes between his supporters and the army.@MollyGambhir has more pic.twitter.com/PRyJMCNrjP
कैसे मारा गया एल मेंचो?
मेक्सिको की सेना ने रविवार को जालिस्को के पास एक बड़े ऑपरेशन में उसे घेर लिया। रक्षा मंत्री Ricardo Trevilla के मुताबिक, उसकी लोकेशन का पता उसकी गर्लफ्रेंड के जरिए चला। खुफिया एजेंसियों ने उसके करीबी सहयोगी को ट्रैक किया, जो प्रेमिका को एक सुरक्षित कंपाउंड तक लेकर गया था। जब महिला वहां से निकली, तो सेना को पुख्ता यकीन हो गया कि मेंचो अंदर मौजूद है। घेराबंदी के दौरान कार्टेल के बंदूकधारियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मेंचो घायल हो गया। उसके साथी उसे जंगल में ले गए, लेकिन सैनिकों ने खोजकर पकड़ लिया।
रॉकेट लॉन्चर और बड़ी मात्रा में हथियार जब्त
हेलिकॉप्टर से मेडिकल सेंटर ले जाते समय उसने और उसके दो बॉडीगार्ड्स ने दम तोड़ दिया। ऑपरेशन में उसके अलावा 8 अन्य अपराधी भी मारे गए। सेना ने बख्तरबंद गाड़ियां, रॉकेट लॉन्चर और बड़ी मात्रा में हथियार जब्त किए। एल मेंचो की मौत के बाद उसके संगठन Jalisco New Generation Cartel (CJNG) के समर्थकों ने हिंसा शुरू कर दी। जालिस्को, जो फीफा 2026 के मेजबान शहरों में शामिल है, वहां लॉकडाउन जैसे हालात बन गए। पेट्रोल पंपों और बैंकों को आग लगा दी गई। सड़कों पर जलती गाड़ियां और भारी सुरक्षा तैनाती देखने को मिली।

136 करोड़ का इनामी था मेंचो
न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, एल मेंचो पर अमेरिकी सरकार ने लगभग 136 करोड़ रुपए (करीब 10 मिलियन डॉलर) का इनाम रखा था। उसका नेटवर्क अमेरिका के सभी 50 राज्यों तक फैला हुआ था। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump लंबे समय से मेक्सिको पर उस पर कार्रवाई का दबाव बना रहे थे। मेक्सिको में पहले भी बड़े कार्टेल सरगनाओं की गिरफ्तारी या मौत के बाद व्यापक हिंसा हुई है। Joaquin Guzman (एल चापो) की गिरफ्तारी के बाद देश में हिंसा भड़की थी।2019 में उसके बेटे Ovidio Guzman की गिरफ्तारी पर कुलियाकान शहर घंटों तक कार्टेल के कब्जे में रहा। विशेषज्ञों का मानना है कि अब CJNG के भीतर नेतृत्व की जंग छिड़ सकती है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं।
