तूफान का वीडियो बना रहा था शख्स; अचानक आसमान से आ गिरी बिजली, कैमरे में कैद हुआ खौफनाक पल (Video)
punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2026 - 11:55 AM (IST)
New York: अमेरिका के ओहायो में तूफान के दौरान गोल्फ कोर्स पर वीडियो बनाना एक शख्स को भारी पड़ गया। सिनसिनाटी के पास गोल्फ कोर्स में आंधी-तूफान को कैमरे में रिकॉर्ड कर रहे इस व्यक्ति के पास अचानक बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आ गया। पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। राहत की बात यह है कि शख्स की जान बच गई और उसे हाथ में गंभीर नहीं बल्कि ऐसी चोट लगी, जिससे वह ठीक हो रहा है। घटना शुक्रवार को सिनसिनाटी, ओहायो एक गोल्फ कोर्स में हुई। शख्स उस समय आए तेज तूफान को अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर रहा था। वायरल वीडियो में दिखाई देता है कि मौसम खराब है और आसपास तूफान का माहौल बना हुआ है। इसी दौरान अचानक बिजली गिरती है और शख्स उसकी चपेट में आ जाता है। घटना इतनी अचानक हुई कि वहां मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
INSANE FOOTAGE as LIGHTNING STRIKES OHIO MAN while he LAUGHS and FILMS STORM pic.twitter.com/PK1llEPjvk
— RT (@RT_com) August 9, 2026
मौसम विज्ञानी मैट डेविट ने बाद में पुष्टि की कि बिजली की चपेट में आने के बावजूद शख्स बच गया है और उसकी हालत में सुधार हो रहा है। डेविट के मुताबिक, बिजली गिरने से उसके हाथ पर चोट आई है, लेकिन चोट जानलेवा नहीं है। उन्होंने इस वीडियो को अपने देखे हुए सबसे हैरान करने वाले वीडियो में से एक बताया। शख्स ने भी घटना के बाद खुद को बेहद भाग्यशाली बताया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हजारों लोगों ने प्रतिक्रिया दी। ज्यादातर लोगों ने लोगों को तूफान के दौरान बाहर न निकलने और खासकर पेड़ों के नीचे खड़े न होने की चेतावनी दी। कई यूजर्स ने कहा कि मौसम की चेतावनी और सायरन को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कुछ लोगों ने यह भी याद दिलाया कि तूफान के दौरान पेड़ के नीचे खड़ा होना सुरक्षित नहीं है। बिजली गिरने के मामलों में पेड़ के नीचे खड़ा होना बेहद खतरनाक हो सकता है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, खुले इलाके में अकेला खड़ा पेड़ बिजली के लिए खतरनाक बिंदु बन सकता है। गोल्फ कोर्स विशेष रूप से जोखिम वाले स्थान माने जाते हैं, क्योंकि यहां खुले मैदान ज्यादा होते हैं और सुरक्षित इमारतें कम होती हैं। आंकड़ों के मुताबिक, 2006 से 2023 के बीच गोल्फ से जुड़ी बिजली गिरने की मौतों में बड़ी संख्या ऐसे लोगों की थी, जिन्होंने पेड़ों के नीचे शरण लेने की कोशिश की थी। अमेरिका की नेशनल वेदर सर्विस के मुताबिक, बिजली सिर्फ तूफान के ठीक नीचे ही नहीं गिरती, बल्कि गरज वाले बादल के केंद्र से कई किलोमीटर दूर भी पहुंच सकती है।
इसलिए जैसे ही गरज सुनाई दे, लोगों को तुरंत सुरक्षित जगह पर पहुंच जाना चाहिए। विशेषज्ञों की सलाह है कि तूफान के दौरान किसी मजबूत इमारत के अंदर या बंद हार्ड-टॉप वाहन में शरण लें। मौसम विभाग खुले मैदानों, गोल्फ कोर्स और अकेले पेड़ों के आसपास तूफान के दौरान रहने से बचने की सलाह देता है। गोल्फ खेलते समय अगर आसमान में गरज सुनाई दे या बिजली चमकने लगे, तो खेल जारी रखने या वीडियो बनाने के बजाय तुरंत सुरक्षित स्थान की ओर जाना चाहिए। मैट डेविट ने वायरल वीडियो शेयर करते हुए लोगों को मौसम से जुड़ी एक बेहद जरूरी सलाह दी-जब गरज सुनाई दे, तो तुरंत घर या सुरक्षित जगह के अंदर चले जाएं।
