मैक्सिकन सेना के ऑपरेशन में मारा गया खूंखार ड्रग माफिया 'एल मेनचो', पूरे देश में फैली हिंसा और भगदड़ (Video)

punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 07:03 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः मेक्सिको की सेना ने रविवार को घोषणा की कि उसने कुख्यात ड्रग सरगना नेमेसियो एल मेनचो ओसेगेरा को एक बड़े ऑपरेशन में मार गिराया है। इस कार्रवाई के बाद देश के कई हिस्सों में हिंसा भड़क उठी और हालात तनावपूर्ण हो गए।

मुठभेड़ में घायल हुआ, अस्पताल ले जाते समय मौत

59 वर्षीय ओसेगेरा, जो Jalisco New Generation Cartel का प्रमुख था, जालिस्को राज्य के टापाल्पा कस्बे में सैनिकों के साथ मुठभेड़ में घायल हो गया। सेना के बयान के अनुसार, उसे इलाज के लिए मेक्सिको सिटी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। उसके सिर पर अमेरिका की ओर से 1.5 करोड़ डॉलर (15 मिलियन डॉलर) का इनाम घोषित था। सेना ने बताया कि इस ऑपरेशन में अमेरिका की एजेंसियों से मिली “पूरक जानकारी” का भी इस्तेमाल किया गया।

मेक्सिको में ड्रग कार्टेल हिंसा

जवाबी हिंसा में 20 से ज्यादा सड़कें जाम

सेना की कार्रवाई के बाद बदले की भावना से कार्टेल के हथियारबंद गुर्गों ने जालिस्को राज्य में 20 से अधिक सड़कों को जलती कारों और ट्रकों से ब्लॉक कर दिया। हिंसा जालिस्को से आगे बढ़कर अन्य राज्यों में भी फैल गई। इस ऑपरेशन में ओसेगेरा के अलावा छह संदिग्ध कार्टेल सदस्यों को भी मार गिराया गया, जबकि तीन सैनिक घायल हुए। दो अन्य संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया और बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए गए। इनमें ऐसे रॉकेट लॉन्चर भी शामिल थे, जो विमानों को गिराने और बख्तरबंद वाहनों को नष्ट करने में सक्षम हैं।


राष्ट्रपति की अपील, बड़े कार्यक्रम रद्द

मेक्सिको की राष्ट्रपति Claudia Sheinbaum ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि केंद्र सरकार राज्य सरकारों के साथ समन्वय में काम कर रही है। जालिस्को राज्य, जहां इस गर्मी में चार वर्ल्ड कप मैच आयोजित होने हैं, वहां रविवार को सभी बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए और सोमवार को स्कूलों की ऑफलाइन कक्षाएं भी स्थगित कर दी गईं।

राज्य की राजधानी ग्वाडलाजारा की सड़कों पर सन्नाटा छा गया। दुकानें, दवा दुकानें और पेट्रोल पंप बंद रहे। एक पेट्रोल पंप कर्मचारी मारिया मेडिना ने बताया कि बंदूकधारी आए और सभी को बाहर निकलने को कहा। उन्होंने कहा, “मुझे लगा वे हमें अगवा कर लेंगे। मैं पास के टैको स्टॉल पर भागकर छिप गई।”

PunjabKesari
पड़ोसी राज्यों और पर्यटन शहरों तक फैली हिंसा

हिंसा पड़ोसी राज्य मिचोआकान और पर्यटन स्थल प्यूर्टो वलार्टा तक फैल गई। मिचोआकान में भी इस कार्टेल की मजबूत पकड़ मानी जाती है। ओसेगेरा का कार्टेल 2009 में बना था और अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार यह मेक्सिको के सबसे हिंसक ड्रग तस्करी संगठनों में से एक बन गया। अमेरिका ने इस कार्टेल को आतंकवादी संगठन घोषित किया है और उस पर कोकीन, हेरोइन, मेथामफेटामाइन और फेंटेनाइल की तस्करी कर अमेरिका भेजने का आरोप लगाया है।

PunjabKesari
अमेरिका और कनाडा की चेतावनी

अमेरिका के उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडाउ ने इस ऑपरेशन का स्वागत करते हुए ओसेगेरा को “सबसे खूनी और निर्दयी ड्रग सरगनाओं में से एक” बताया। उन्होंने इसे मेक्सिको, अमेरिका, लैटिन अमेरिका और दुनिया के लिए बड़ी उपलब्धि कहा।

यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump मेक्सिको पर अमेरिका में फेंटेनाइल की तस्करी रोकने के लिए दबाव बना रहे हैं। ट्रंप ने कई बार मेक्सिको के निर्यात पर टैरिफ लगाने की धमकी भी दी है, यह कहते हुए कि मेक्सिको सरकार ड्रग व्यापार रोकने में पर्याप्त कदम नहीं उठा रही।

रविवार को हिंसा भड़कने के बाद अमेरिकी विदेश विभाग ने मेक्सिको के कई इलाकों में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को “अगली सूचना तक सुरक्षित स्थानों पर ही रहने” की सलाह दी। कनाडा ने भी जालिस्को, गुरेरो और मिचोआकान राज्यों में “सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ और धमाकों” का हवाला देते हुए यात्रा चेतावनी जारी की।

हिंसा के चलते अमेरिकी और कनाडाई एयरलाइंस ने मेक्सिको के लिए दर्जनों उड़ानें रद्द कर दीं। फिलहाल देश में सुरक्षा बल अलर्ट पर हैं और हालात पर नजर रखी जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News