एयरस्ट्राइक का कहर... अपने ही देश के 200 लोगों के मारे जाने की आशंका
punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 12:18 AM (IST)
नेशनल डेस्क : पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजीरिया में शनिवार रात एक भीषण त्रासदी सामने आई, जब वायुसेना की एयरस्ट्राइक गलती से एक भीड़भाड़ वाले बाजार पर जा गिरी। इस दर्दनाक घटना में करीब 200 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, नाइजीरियाई वायुसेना आतंकवादी संगठन बोको हराम के ठिकानों को निशाना बना रही थी। इसी दौरान उत्तर-पूर्वी इलाके में संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर हवाई हमला किया गया, लेकिन बम उस स्थान पर गिर गया जहां बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद थे।
बाजार में मची तबाही
यह हमला योबे राज्य के जिल्ली इलाके में स्थित एक स्थानीय बाजार पर हुआ, जो बोर्नो राज्य की सीमा के पास है। यह इलाका लंबे समय से बोको हराम के प्रभाव वाला क्षेत्र माना जाता है। घटना के समय बाजार में सैकड़ों लोग खरीदारी और व्यापार में लगे हुए थे।
OPERATION HADIN KAI: AIR COMPONENT NEUTRALISES TERRORIST LOGISTICS HUB AND ENCLAVE IN PRECISION AIR STRIKE AT JILLI, GUBIO LGA OF BORNO STATE
— Nigerian Army (@HQNigerianArmy) April 12, 2026
The Air Component of Joint Task Force (North East) Operation HADIN KAI (OPHK), in a carefully planned and intelligence-driven operation,… pic.twitter.com/LrJ5wedZsb
मौतों का आंकड़ा 200 के पार
स्थानीय जनप्रतिनिधि लावान जाना नूर गेइदाम ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि इस हमले में 200 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। अन्य स्थानीय सूत्रों और अंतरराष्ट्रीय राहत एजेंसियों ने भी भारी जनहानि की पुष्टि की है।
क्यों जारी है संघर्ष?
नाइजीरिया के उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में बोको हराम पिछले कई वर्षों से सक्रिय है। यह आतंकी संगठन हिंसक हमलों के लिए कुख्यात है और अब तक हजारों लोगों की जान ले चुका है, जबकि लाखों लोगों को विस्थापित होना पड़ा है। सरकार और सेना लगातार इनके खिलाफ अभियान चला रही है, लेकिन हालात अभी भी पूरी तरह नियंत्रण में नहीं हैं।
घायलों का इलाज जारी
हमले में घायल हुए लोगों को योबे और बोर्नो राज्यों के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। स्थानीय आपदा प्रबंधन एजेंसी SEMA ने कहा है कि राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
