दो घोंसलों से मिले अजगर के 120 अंडे:  फूटे तो जंगल में फैल जाएंगे नए खतरनाक शिकारी, संकट में वन्यजीवों का अस्तित्व

punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 02:56 PM (IST)

International Desk: फ्लोरिडा  (Florida) के मशहूर दलदली क्षेत्र Everglades में बर्मीज अजगरों की बढ़ती संख्या ने अमेरिका की वन्यजीव एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। हाल ही में एक पेशेवर स्नेक हंटर को जंगल में दो बड़े घोंसले मिले, जिनमें करीब 120 अंडे पाए गए। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि ये अंडे फूट गए, तो एक साथ बड़ी संख्या में नए शिकारी जंगल में फैल जाएंगे, जिससे स्थानीय वन्यजीवों के अस्तित्व पर और बड़ा खतरा पैदा हो सकता है। यह खोज मशहूर स्नेक हंटर Kevin Pavlidis ने की। उन्होंने दलदली घास और झाड़ियों के बीच छिपे घोंसलों का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में सफेद रंग के बड़े-बड़े अंडे दिखाई दे रहे हैं। दोनों घोंसलों में कुल मिलाकर लगभग 120 अंडे पाए गए। विशेषज्ञों का मानना है कि एक ही क्षेत्र में इतने अंडे मिलने का मतलब है कि कई मादा अजगर वहां एक साथ प्रजनन कर रही हैं।
 

बर्मीज अजगर (Burmese Python) मूल रूप से दक्षिण-पूर्व एशिया में पाए जाते हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार, कई साल पहले लोग इन्हें विदेशी पालतू जानवर के रूप में अमेरिका लाए थे। जब ये सांप बहुत बड़े हो गए या कैद से भाग निकले, तो उन्हें जंगलों में छोड़ दिया गया। फ्लोरिडा का गर्म और नम मौसम इन अजगरों के लिए बेहद अनुकूल साबित हुआ, जिसके बाद उनकी आबादी तेजी से बढ़ती चली गई।बर्मीज अजगर दुनिया के सबसे बड़े सांपों में गिने जाते हैं। एक वयस्क अजगर 15 फीट से अधिक लंबा हो सकता है। ये पक्षियों, छोटे स्तनधारियों और रेंगने वाले जीवों का शिकार करते हैं। वैज्ञानिकों ने कई बार इन्हें पूरे हिरण और मगरमच्छ निगलते हुए भी देखा है। 2022 में फ्लोरिडा के नेपल्स इलाके में पकड़े गए एक विशाल अजगर के पेट से पूरा वयस्क सफेद पूंछ वाला हिरण मिला था।

 

संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (United States Geological Survey) की रिपोर्ट के अनुसार, अजगरों के फैलाव के बाद एवर्गलेड्स में कई स्थानीय जीव तेजी से गायब हो रहे हैं।

  • रकून की आबादी में 99.3% गिरावट
  • ओपोसम में 98.9% कमी
  • बॉबकैट की संख्या में 87.5% गिरावट
  • इसके अलावा लोमड़ी और खरगोश जैसे जीव भी अब बहुत कम दिखाई देते हैं।
     

इस संकट से निपटने के लिए फ्लोरिडा सरकार और वन्यजीव एजेंसियां हर साल लाखों डॉलर खर्च कर रही हैं। सरकार ने पेशेवर शिकारी तैनात किए हैं, जो अजगरों और उनके अंडों को खोजकर हटाते हैं। खासकर अंडे देने वाली मादा अजगर पकड़ने पर ज्यादा इनाम दिया जाता है। इसके अलावा हर साल “Florida Python Challenge” नाम की प्रतियोगिता आयोजित की जाती है, जिसमें आम लोगों को भी अजगर पकड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News