मैक्रों की सीरिया यात्रा के दौरान दमिश्क में कई धमाके, बाल-बाल बचे फ्रांसीसी राष्ट्रपति (Video)
punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 02:48 PM (IST)
International Desk: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की सीरिया यात्रा के दौरान मंगलवार को राजधानी दमिश्क में कई विस्फोट हुए। मैक्रों जब सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे, तभी 'फोर सीजन्स होटल' के निकट विस्फोट हुए। हालांकि, सीरियाई अधिकारियों ने घटना पर तत्काल कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की। सीरिया की मीडिया के अनुसार, मैक्रों इसी 'फोर सीजन्स' होटल में ठहरे हुए हैं। वहीं फ्रांस के राष्ट्रपति के कार्यालय ने कहा कि राष्ट्रपति पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनका सीरिया दौरा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है।
🌲 - 🇸🇾🇫🇷 Closer footage from the site of the explosion in central Damascus, where several explosive devices detonated near the Four Seasons Hotel during French President Emmanuel Macron’s visit to Syria. The blasts came only days after a deadly café bombing in Damascus. pic.twitter.com/tSdio8WIvq
— Lebanon News & OSINT (@LebOSINT) July 7, 2026
सरकारी मीडिया ने एक सुरक्षा अधिकारी के हवाले से बताया कि विस्फोट उपकरण के माध्यम से राजधानी के मध्य क्षेत्र में दो जोरदार विस्फोट हुए। घटनास्थल से धुएं का बड़ा गुबार भी उठता दिखाई दिया। सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित वीडियो में एक वाहन जलता हुआ दिखाई दे रहा है जबकि सड़क पर खून के धब्बे भी नजर आ रहे हैं। घटना में कितने लोग हताहत हुए हैं, इसकी तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी है। अभी तक किसी भी संगठन ने विस्फोटों की जिम्मेदारी नहीं ली है। इससे कुछ दिन पहले ही दमिश्क में 'जस्टिस पैलेस' के निकट स्थित एक कैफे में विस्फोटक से हमला किया गया था, जिसमें कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई थी और 20 अन्य घायल हुए थे।
