PAF इंटेलिजेंस अधिकारी की दिनदहाड़े हत्या, महिला को बचाते गई जान

punjabkesari.in Monday, Jul 06, 2026 - 12:14 PM (IST)

Islamabad: पाकिस्तान वायुसेना (PAF) के इंटेलिजेंस डायरेक्टरेट में तैनात ग्रुप कैप्टन असीम तारिक की शनिवार (5 जुलाई) को इस्लामाबाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना राजधानी के हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र शाहीन चौक के पास हुई, जो पाकिस्तान एयर मुख्यालय (Air Headquarters) और एयर यूनिवर्सिटी के नजदीक स्थित है। पाकिस्तान वायुसेना के अनुसार, ग्रुप कैप्टन असीम तारिक उस समय वहां से गुजर रहे थे, जब उन्होंने सड़क पर एक महिला और मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति के बीच बहस होते देखी। महिला परेशानी में दिखाई दे रही थी, जिसके बाद असीम तारिक उसकी मदद के लिए आगे बढ़े। PAF का दावा है कि मोटरसाइकिल सवार कथित रूप से महिला का अपहरण करने की कोशिश कर रहा था।

 

अधिकारी ने आरोपी का सामना किया और महिला को बचाने का प्रयास किया। जांच के दौरान महिला ने पुलिस को बताया कि वह उसी कार्यालय में काम करती थी, जहां आरोपी भी कार्यरत था। आरोपी ने उसे ड्यूटी के बाद घर छोड़ने की पेशकश की थी, जिसे उसने स्वीकार कर लिया। लेकिन रास्ते में उसने तय मार्ग बदल दिया और कथित तौर पर सुनसान इलाके की ओर जाने लगा। महिला ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।  इसी दौरान ग्रुप कैप्टन असीम तारिक वहां पहुंचे और हस्तक्षेप किया।

 

PAF के अनुसार, आरोपी ने असीम तारिक पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल अधिकारी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गया, जबकि सुरक्षा बलों और पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने महिला का बयान दर्ज कर लिया है। समाचार लिखे जाने तक अधिकारियों ने संदिग्ध की पहचान सार्वजनिक नहीं की थी और गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि भी नहीं की गई थी। यह घटना पाकिस्तान के सबसे संवेदनशील सुरक्षा क्षेत्रों में से एक में हुई, जहां पाकिस्तान वायुसेना का मुख्यालय और एयर यूनिवर्सिटी स्थित हैं। ऐसे सुरक्षित इलाके में एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी की हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News