पाकिस्तान में 21 घंटे तक बिजली कटौती; गैस और पानी के लिए भी हाहाकार, सड़कों पर उतरे लोग

punjabkesari.in Monday, Nov 02, 2026 - 06:22 PM (IST)

Karachi: पाकिस्तान के कराची में बिजली और गैस की किल्लत ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। कई इलाकों में रोजाना 16 से 21 घंटे तक बिजली कटौती हो रही है। इससे नाराज पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) भी सड़कों पर उतर आई है। पार्टी ने बिजली और गैस कंपनियों को चेतावनी दी है कि हालात नहीं सुधरे तो उनके मुख्यालयों के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी ने कराची में बिजली कटौती और गैस की कमी के खिलाफ प्रदर्शन किया। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, रैली लियारी गेट से शुरू होकर कराची प्रेस क्लब के बाहर समाप्त हुई। प्रदर्शनकारियों ने के-इलेक्ट्रिक और सूई सदर्न गैस कंपनी से तत्काल राहत देने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व PPP  के दक्षिण जिला अध्यक्ष जावेद नागोरी ने किया। इसमें सांसद सरदार नबील गाबोल, पार्टी कार्यकर्ता और लियारी, सदर, बर्न्स रोड तथा गार्डन के निवासी शामिल हुए।

 

रोजाना 21 घंटे तक बिजली कटौती 
नबील गाबोल ने कहा कि बिजली कंपनी के अधिकारियों से कई बार बातचीत के बावजूद सेवाओं में सुधार नहीं हुआ। वहीं जावेद नागोरी ने आरोप लगाया कि लियारी के कुछ इलाकों में रोजाना 16 घंटे और कहीं-कहीं 21 घंटे तक बिजली गुल रहती है। उन्होंने गैस कंपनी पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि नए गैस पाइपलाइन कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं से भुगतान लेने के बावजूद उन्हें पर्याप्त गैस नहीं मिल रही है। PPP नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर बिजली और गैस आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो के-इलेक्ट्रिक और सूई सदर्न गैस कंपनी के मुख्यालयों के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। नागोरी ने सिंध सरकार की ओर से हजारों परिवारों को सौर ऊर्जा प्रणाली देने की योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने इसे पीपीपी अध्यक्ष बिलावल भुट्टो-जरदारी की 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा से जोड़ा।
 
  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News