जापान में 7.4 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप, शॉपिंग मॉल गिरा, 2 हिस्सों में बंट गए हाईवे; पूरे देश में अलर्ट, सुनामी की चेतावनी जारी

punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 01:16 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क : जापान के उत्तरी हिस्से में मंगलवार को 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आने से कई इलाकों में दहशत फैल गई। भूकंप के झटके स्थानीय समयानुसार शाम 4:27 बजे महसूस किए गए। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था। शुरुआती खतरे को देखते हुए होक्काइडो और इवाते के तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई, हालांकि स्थिति की समीक्षा के बाद करीब एक घंटे में चेतावनी वापस ले ली गई।

भूकंप के बाद प्रशासन ने एहतियातन प्रभावित इलाकों में बड़े पैमाने पर सुरक्षा उपाय लागू किए। क्यूशू द्वीप पर 1.5 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में जाने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय प्रसारक NHK की तस्वीरों में कई सड़कों और पुलों में दरारें, कुछ इमारतों में आग तथा अन्य स्थानों पर नुकसान देखा गया है। राहत एवं बचाव दलों को तुरंत प्रभावित क्षेत्रों में भेजा गया है और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।



अमेरिकी पैसिफिक सुनामी वॉर्निंग सेंटर ने भी भूकंप के बाद समुद्री लहरों के संभावित खतरे को लेकर निगरानी जारी रखी। अधिकारियों ने लोगों से समुद्र तटों से दूर रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की। विशेषज्ञों का कहना है कि जापान 'पैसिफिक रिंग ऑफ फायर' क्षेत्र में स्थित है, जहां कई टेक्टोनिक प्लेटों के सक्रिय होने के कारण दुनिया के सबसे अधिक भूकंप दर्ज किए जाते हैं।

गौरतलब है कि जापान पहले भी कई विनाशकारी भूकंपों का सामना कर चुका है। इससे पहले 8 अगस्त 2024 को क्यूशू क्षेत्र के पास 7.1 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसके बाद भी सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी। हालांकि उस समय बड़ी सुनामी नहीं आई थी, लेकिन प्रशासन ने व्यापक स्तर पर एहतियाती कदम उठाए थे। वर्तमान भूकंप के बाद भी जापानी सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News