Earthquake in New Zealand : भूकंप के तेज झटकों से कांपी धरती, रिक्टर स्केल पर 5.9 रही तीव्रता, सुनामी का अलर्ट
punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 11:36 PM (IST)
नेशनल डेस्कः न्यूजीलैंड के साउथ आइलैंड में गुरुवार (16 जुलाई 2026) को आए 5.9 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने हड़कंप मचा दिया है। भूकंप के केंद्र की पहचान ते अनाउ शहर से लगभग 42 किलोमीटर नॉर्थ-नॉर्थ वेस्ट में की गई है। इस प्राकृतिक आपदा के बाद प्रशासन ने विनाशकारी सुनामी का अलर्ट जारी किया है और तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से तुरंत ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की है।
इन इलाकों में महसूस हुए झटके
भूकंप के तेज झटके क्वीन्सटाउन, मिलफोर्ड साउंड और पूरे साउथलैंड क्षेत्र में महसूस किए गए। गनीमत यह रही कि फिलहाल किसी भी व्यक्ति के हताहत होने या इमारतों के बड़े नुकसान की खबर नहीं मिली है, लेकिन राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी (NEMA) ने स्थिति को गंभीर बताते हुए चेतावनी जारी की है।
प्रशासन की सख्त हिदायत: सायरन का इंतजार न करें
NEMA ने मिलफोर्ड साउंड से पुइसेगुर पॉइंट तक के तटीय इलाकों को तुरंत खाली करने का आदेश दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि "यदि आपने एक मिनट से अधिक समय तक झटका महसूस किया है या झटका इतना तेज था कि खड़ा होना मुश्किल हो रहा था, तो सायरन बजने का इंतजार न करें और तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं"।
खतरनाक समुद्री लहरों का अलर्ट
चेतावनी में कहा गया है कि अगले कुछ घंटों तक समुद्र में अजीब और खतरनाक लहरें उठ सकती हैं। लोगों को समुद्र तटों और जलमार्गों से दूर रहने की सलाह दी गई है। जब तक सिविल डिफेंस की ओर से सुरक्षित होने का संकेत न मिले, तब तक खाली किए गए इलाकों में वापस न लौटने के निर्देश दिए गए हैं।
न्यूजीलैंड: भूकंप के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र
न्यूजीलैंड अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण दुनिया के सबसे अधिक भूकंप संभावित देशों में शामिल है, क्योंकि यह ऑस्ट्रेलियाई और प्रशांत टेक्टोनिक प्लेटों की सीमा पर स्थित है। यहां कई सक्रिय ज्वालामुखी भी हैं। इससे पहले 2011 में क्राइस्टचर्च में आए विनाशकारी भूकंप ने भारी तबाही मचाई थी, जिसमें 185 लोगों की जान चली गई थी।
