चीन के खिलाफ सक्रिय हुआ जापान, शिजुओका में किया सैन्य अभ्यास

punjabkesari.in Monday, May 24, 2021 - 01:16 PM (IST)

 इंटरनेशनल डेस्कः जापान ने चीन को सबक सिखाने के लिए कमर कस ली है। पूर्वी चीन सागर में चीन की बढ़ती आक्रामकता को लेकर जापान लगातार सतर्क है।  जापान प्रशासित सेनकाकू द्वीप पर चीन अपना दावा कर रहा है। इसके चलते ही जापानी बलों ने दूर-दराज के द्वीपों पर चीन को कब्जा जमाने से रोकने के लिए  शिजुओका में पूर्वी फुजी प्रशिक्षण इलाके में सैन्य अभ्यास किया । इसके अलावा नानसेई आइलैंड की रक्षा के लिए भी जापान अपनी क्षमता बढ़ा रहा है।

 

जापान टाइम्स के अनुसार दो घंटे चले अभ्यास में जापान के 3100 सैनिकों, 45 टैंक और बख्तरबंद वाहनों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा लड़ाकू हेलीकाप्टरों ने भी इसमें भाग लिया। कोरोना वायरस के मद्देनजर लोगों को इसे देखने से रोक दिया गया। इसके चलते इस युद्धाभ्यास का यूट्यूब पर सीधा प्रसारण किया गया। यह युद्धाभ्यास आमतौर पर अगस्त के आखिर में होता है लेकिन टोक्यो ओलंपिक को देखते हुए इस साल इसका आयोजन पहले किया गया।

 

इस बीच चीन के विदेश मंत्रालय ने जापान के रक्षा प्रमुख नोबुओ किशी के उस बयान की आलोचना की जिसमें उन्होंने ताइवान के निकट नानसेइ द्वीप को चिंता का विषय बताया था। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान ने कहा कि चीन अपनी जमीन की हिफाजत करेगा। जापान को उस सीमा तक नहीं जाना चाहिए और गलत सूचना फैलाना बंद कर देना चाहिए।

 

उल्‍लेखनीय है कि बीते दिनों चीन ने जापान के कब्जे वाले सेनकाकू द्वीप का भूदृश्य सर्वे जारी किया था। चीन इसको अपना दिआओयू द्वीप बताता है। लैंडस्केप सर्वे जारी का मकसद इस पर दावा जताना था। चीन की आक्रामकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चीन के प्राकृतिक संसाधन विभाग ने सेनकाकू के साथ ही दो अन्य द्वीपों का सर्वे भी किया था। इस द्वीप पर जापान का कब्जा होते हुए भी चीन अपना अधिकार जता रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News