आधी रात को आतंक का तांडव, इस्लामी चरमपंथियों ने मार डाले 11 से ज्यादा लोग
punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 11:33 AM (IST)
International Desk: इस्लामी चरमपंथियों ने पूर्वोत्तर नाइजीरिया के एक सुदूर गांव पर रात में हमला कर सो रहे 11 से ज्यादा लोगों की हत्या कर दी और दो अन्य को गंभीर रूप से घायल कर दिया। स्थानीय अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह अफ्रीका के सबसे अधिक आबादी वाले देश नाइजीरिया में जारी हिंसा की ताजा घटना है जहां लंबे समय से जटिल सुरक्षा संकट बना हुआ है। बोर्नो प्रांत के सांबिसा जंगल की सीमा पर बसे पुबागु गांव में यह हमला मंगलवार देर रात हुआ। बोर्नो राज्य इस्लामी चरमपंथ के खिलाफ नाइजीरिया की लंबी लड़ाई का केंद्र रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार को मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। उन्होंने इस हमले के लिए चरमपंथी संगठन 'बोको हराम' को जिम्मेदार ठहराया। स्थानीय परिषद के अध्यक्ष मवाडा सैदू उबा ने 'एसोसिएटेड प्रेस' को बताया कि यह गांव पहले सुरक्षित स्थानों में माना जाता था। अंतिम संस्कार के बाद उन्होंने कहा, "पुबागु हमारे परिषद क्षेत्र के उन स्थानों में से एक था, जहां कल तक कभी इस तरह का हमला नहीं हुआ था।" उन्होंने बताया कि दोनों घायलों का पास के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
