IND vs PAK: भारत से पाकिस्तान को मिली करारी हार के बाद गुस्सा हुए आसिम मुनीर, खतरे में PCB चीफ मोहसिन नकवी की कुर्सी?

punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 10:30 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः 15 फरवरी को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 27वें मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया। यह मैच कोलंबो के R. Premadasa Stadium में खेला गया। इस करारी हार की गूंज सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रही, बल्कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नक़वी तक पहुंच गई है।

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर टीम की तैयारी और चयन प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं खबर है कि पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर भी इस हार से नाराज हैं।

मैच में क्या हुआ?

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए। टीम के लिए ईशान किशन ने शानदार पारी खेली। उन्होंने 40 गेंदों में 77 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे। 176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत ने यह मुकाबला 61 रन से जीत लिया। इस हार के बाद पाकिस्तान में टीम मैनेजमेंट और बोर्ड की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।

आसिम मुनीर ने जताई नाराजगी?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आसिम मुनीर PCB की कार्यशैली से नाराज बताए जा रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को एक संदेश भेजा है। बताया जा रहा है कि इस संदेश में टीम की अधूरी तैयारी, PCB की गलत हैंडलिंग और अनावश्यक बयानों की आलोचना की गई है। पाकिस्तान में कुछ लोग मोहसिन नकवी के इस्तीफे की मांग भी कर रहे हैं।

पहले मैच खेलने से किया था इनकार

टी20 वर्ल्ड कप के दौरान पाकिस्तान ने पहले भारत के साथ मैच खेलने से इनकार किया था। बाद में International Cricket Council (ICC) की सख्ती के बाद पाकिस्तान टीम मैच खेलने के लिए तैयार हुई। इसी बीच PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने एक बयान देकर नया विवाद खड़ा कर दिया था, जिसमें उन्होंने आर्मी चीफ आसिम मुनीर का नाम लिया था।

मोहसिन नकवी ने क्या कहा था?

मोहसिन नकवी ने कहा था, “ना तो मैं भारत और ICC की धमकियों से डरता हूं, ना पाकिस्तान सरकार डरती है। जहां तक फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर की बात है, आप उन्हें जानते ही हैं, वो कभी डरते नहीं हैं।” अब भारत से मिली बड़ी हार के बाद पाकिस्तान में यह चर्चा तेज हो गई है कि सेना के नाम का गलत इस्तेमाल हुआ और इससे विवाद और बढ़ गया।

क्या जाएगी नकवी की कुर्सी?

भारत से मिली इस हार ने पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल ला दिया है। पूर्व खिलाड़ी, फैंस और राजनीतिक हलकों में PCB की भूमिका पर बहस तेज हो गई है। हालांकि अभी तक मोहसिन नकवी के पद छोड़ने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन जिस तरह से आलोचना बढ़ रही है, उससे उनकी कुर्सी पर खतरे की चर्चा जरूर तेज हो गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News