‘नेतन्याहू के नक्शेकदम पर चले तो राख हो जाओगे…’ ट्रंप की धमकी पर ईरान का पलटवार

punjabkesari.in Monday, Apr 06, 2026 - 05:24 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के तीखे बयान के कुछ ही घंटों बाद ईरान की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है।

ईरान की चेतावनी—‘अमेरिका पूरे क्षेत्र को झोंक रहा आग में’
ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बघेर गालिबफ ने सोशल मीडिया पर जवाब देते हुए कहा कि अमेरिका के लापरवाह कदम पूरे क्षेत्र को बड़े संघर्ष की ओर धकेल रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि वॉशिंगटन की नीतियां हर परिवार के लिए “जीता-जागता नरक” बन सकती हैं।

‘नेतन्याहू के रास्ते पर चले तो जलकर राख हो जाएगा अमेरिका’
गालिबफ ने आरोप लगाया कि अमेरिका, बेंजामिन नेतन्याहू के दबाव में काम कर रहा है, जिससे हालात और बिगड़ रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि अगर अमेरिका नेतन्याहू के नक्शेकदम पर चलता है, तो उसे भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।

होर्मुज को लेकर ट्रंप की सख्त चेतावनी
ट्रंप ने स्ट्रैट ऑफ होर्मुज खोलने की मांग करते हुए कहा था कि अगर 6 अप्रैल तक कोई समझौता नहीं हुआ, तो अमेरिका ईरान के पावर प्लांट और पुलों को निशाना बना सकता है।

 ‘पावर प्लांट और ब्रिज डे’—हमले का ऐलान
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, “मंगलवार पावर प्लांट और ब्रिज डे होगा, सब कुछ एक साथ… ऐसा पहले कभी नहीं देखा होगा. होर्मुज खोलो, नहीं तो नतीजे भुगतने होंगे.” इसके बाद उन्होंने एक और पोस्ट में समय भी बताया,“मंगलवार, रात 8:00 बजे (ईस्टर्न टाइम)!”

ईरानी दूतावास का तंज—‘अमेरिका पाषाण युग में पहुंच गया’
ट्रंप के बयान पर थाईलैंड में ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “राष्ट्रपति जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, उससे लगता है कि अमेरिका उम्मीद से पहले ही पाषाण युग में पहुंच गया है।”

 ‘सब कुछ नष्ट करने और तेल पर कब्जे’ की बात
इस बीच फॉक्स न्यूज़ को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि अगर समझौता नहीं हुआ, तो वे “सब कुछ नष्ट करने और तेल पर कब्जा करने” पर विचार कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बातचीत में शामिल ईरानी प्रतिनिधियों को सीमित छूट दी गई है, लेकिन अगर डील नहीं होती, तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News